Ganga Expressway के सिंभावली रैंप से प्रवेश नहीं कर पा रहे लंबे व ऊंचे मालवाहक वाहन, पूर्ण विकसित इंटरचेंज बनाने की मांग
Ganga Expressway: गंगा एक्सप्रेसवे के हापुड़ स्थित सिंभावली रैंप पर लंबे और ऊंचे मालवाहक वाहनों को प्रवेश-निकास में दिक्कत हो रही है। यूपी मोटर ट्रांस ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे से सिंभावली में एनएच 9 को जोड़ने वाले रैंप का निकास मार्ग। जागरण
HighLights
भारी एवं मल्टी एक्सल माल वाहन यहां से प्रवेश और निकास नहीं कर पा रहे।
यूपी मोटर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन ने की समस्या समाधान की मांग।
जागरण संवाददाता, मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण औद्योगिक विकास और उद्योगों के कच्चे और तैयार माल के सुगम परिवहन के उद्देश्य से किया गया है, लेकिन हापुड़ में इस पर लंबे और ऊंचे मालवाहक वाहन प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे से एनएच-9 (गाजियाबाद से मुरादाबाद की ओर जाने वाला हाईवे) को जोड़ने के लिए हापुड़ के सिंभावली में रैंप बनाया गया है। भारी एवं मल्टी एक्सल माल वाहन यहां से प्रवेश और निकास नहीं कर पा रहे।

गंगा एक्सप्रेसवे से हापुड़ जनपद के सिंभावली में एनएच 09 को जोड़ने वाले रैंप का प्रवेश मार्ग। ट्रांसपोर्टरों की शिकायत है कि मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण बड़े माल वाहन गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। जागरण
यूपी मोटर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री राघवेंद्र वर्मा ने जिलाधिकारी हापुड़ तथा अन्य अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि एनएच-9 और गंगा एक्सप्रेसवे के जंक्शन पर यातायात व्यवस्था में कठिनाई आ रही है। सिंभावली रैंप से बड़े वाहनों की प्रवेश और निकासी न होने की वजह से सर्विस रोड और अंडरपास का प्रयोग करना पड़ता है।

गंगा एक्सप्रेसवे और एनएच 09 को सिंभावली पर जोड़ने वाला अंडरपास। यहां एनएच 09 नीचे से और गंगा एक्सप्रेसवे पुल के ऊपर से निकल रहा है। जागरण
कहा कि सर्विस रोड की चौड़ाई सीमित है। टर्निंग रेडियस कम होने से 15 मीटर से अधिक लंबे वाहन यहां से मुड़ नहीं पाते। इसके चलते यातायात बाधित होने से दुर्घटनाओं की भी आशंका रहती है। यहां अंडरपास की अधिकतम ऊंचाई 5.5 मीटर है। इसके भीतर से ओवर डायमेंशनल कार्गो (ODC) और ऊंचे माल से लदे भारी वाहन नहीं गुजर पा रहे, जिससे इन वाहनों को अन्य मार्गों से प्रयागराज जाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सात मीटर चौड़ी सर्विस रोड और 12 मीटर चौड़े अंडरपास पर यातायात का दबाव है। भविष्य की जरूरतों के मुताबिक यहां पूर्ण विकसित इंटरचेंज निर्माण कराने की मांग की है।
खबरें और भी
इन्होंने कहा
निर्धारित मानक के मुताबिक ही गंगा एक्सप्रेसवे के प्रत्येक रैंप पर दो लेन (सात मीटर) चौड़ी सड़क और सर्विस रोड का निर्माण किया गया है। अंडरपास की ऊंचाई भी मानक के अनुसार है। यदि उद्यमियों और ट्रांसपोर्टरों के माल वाहनों को समस्या आ रही है तो वे इसकी जानकारी यूपीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बता सकते हैं। उन्हीं के स्तर से इस समस्या का समाधान संभव है।
-राकेश कुमार मोघा, एक्सईएन यूपीडा पीआइयू