Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NDA परीक्षा कितनी कठिन है ? मेरठ में छात्रों ने पूछे ऐसे कई सवाल, लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन शर्मा ने दिए जवाब

    By Rajendra Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Tue, 28 Apr 2026 04:28 PM (IST)

    मेरठ के बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में 'अपनी सेना को जानो' कार्यक्रम आयोजित किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन शर्मा ने छात्रों का मार्गदर्शन कि ...और पढ़ें

    बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर शास्त्रीनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन कुमार शर्मा।

    बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर शास्त्रीनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन कुमार शर्मा।

    HighLights

    1. लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन शर्मा ने सेना करियर पर छात्रों का किया मार्गदर्शन।

    2. छात्रों को अनुशासन, देशभक्ति और आत्मविश्वास का महत्व बताया।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डी ब्लाक शास्त्रीनगर में मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक कार्यक्रम अपनी सेना को जानो कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल (आर्टिलरी 56 फील्ड रेजिमेंट) सचिन कुमार शर्मा रहे। उन्होंने विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को भारतीय सेना में करियर, जीवनशैली, अनुशासन, देशभक्ति और चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन शर्मा ने कहा कि यदि जीवन में बड़ा लक्ष्य हासिल करना है तो सबसे पहले स्वयं से सवाल करें कि आप क्या कर सकते हैं और आपको सेना में क्यों जाना है। जब लक्ष्य स्पष्ट होगा, तभी सफलता की दिशा तय होगी।

    अंकों से ज्यादा, आत्मविश्वास जरूरी

    कहा कि पढ़ाई में अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण आपका आत्मविश्वास, मेहनत और सही दिशा है।
    उन्होंने बताया कि सेना के जवान हर मौसम, हर परिस्थिति और हर चुनौती में स्वयं को ढालना सीखते हैं। यही गुण उन्हें आम लोगों से अलग बनाता है।

    करियर प्लान कर आगे बढ़े विद्यार्थी

    विद्यार्थियों से कहा कि वे घर की तरह अपने करियर को प्लान करें। हम घर बनाने से पहले उसकी सभी चीजें निर्धारित कर लेते हैं, इस तरह से अभी से अपना करियर प्लान करें और तय करें कि उन्हें क्या बनना है तथा उसके लिए कब और कैसे तैयारी करनी है।

    लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा ने कहा कि यदि मन में दृढ़ निश्चय हो कि “मुझे यह करना है”, तो लक्ष्य अवश्य प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और सोचें—“माय नेशन इज़ फर्स्ट।” यही सोच धीरे-धीरे व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाती है।

    खबरें और भी

    सही तैयारी से जरूर मिलेगी सफलता

    यह भी बताया कि एनडीए और सेना की अन्य परीक्षाएं कठिन होती हैं, लेकिन सही तैयारी, अनुशासन और स्पष्ट उद्देश्य रखने वाले विद्यार्थी इन्हें सफलतापूर्वक पास कर सकते हैं।

    लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा ने कहा कि सेना की नौकरी अत्यंत सम्मानजनक है, लेकिन उसका संघर्ष अलग होता है। इसलिए हर व्यक्ति की पर्सनालिटी इस क्षेत्र के अनुकूल नहीं होती। सेना में वही सफल होता है जो मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से मजबूत हो। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सवाल भी पूछे, जिनका सरल और प्रेरक उत्तर दिया।

    कार्यक्रम में यह पूछे गए सवाल

    सवाल: आर्मी ज्वाइन क्यों करनी चाहिए?
    जवाब : यदि देश सेवा, सम्मान, अनुशासन और चुनौतीपूर्ण जीवन पसंद है, तो सेना बेहतरीन विकल्प है.
    सवाल : एनडीए परीक्षा कितनी कठिन होती है?
    उत्तर: एनडीए कठिन जरूर है, लेकिन नियमित पढ़ाई, फिटनेस और आत्मविश्वास से इसे पास किया जा सकता है.
    सवाल: एसएसबी इंटरव्यू कैसे पास करें, कठिन होता है?
    जवाब : एसएसबी में आपकी पर्सनालिटी, नेतृत्व क्षमता, निर्णय शक्ति और ईमानदारी देखी जाती है। खुद को स्वाभाविक रखें और आत्मविश्वास से जवाब दें.
    सवाल: कई विद्यार्थी असफल क्यों हो जाते हैं?
    जाब: क्योंकि उन्हें खुद नहीं पता होता कि वे सेना में क्यों जाना चाहते हैं। बिना स्पष्ट लक्ष्य सफलता मुश्किल है।

    कार्यक्रम के अंत में विद्यालय निदेशक कृष्ण कुमार शर्मा ने लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन कुमार शर्मा का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य सीमा गोयल ने इस सत्र को विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।