लुटेरी दुल्हन बहन व दो साथियों के साथ हरिद्वार से गिरफ्तार, ससुरालियों को बेहोश कर हो गई थी फरार
Meerut News : फलावदा के समसपुर से जेवरात व नकदी लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन को बहन व दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उसने ससुरालियों को नशीला ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पूछताछ में आरोपित नाम पता बदलते रहे, कभी बिजनौर तो कभी पौड़ी बताया निवासी।
आलू के परांठे में नशीला पदार्थ खिलाकर ससुरालीजन को बेहोश कर गई थी दुल्हन।
जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। फलावदा क्षेत्र के गांव समसपुर से पखवाड़ा पूर्व ससुरालियों को नशीला पदार्थ खिलाकर जेवरात व नकदी लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने शुक्रवार हरिद्वार के ज्वालापुर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी बहन व दो लोग और हत्थे चढ़े हैं। जबकि बिचौलिया अभी पकड़ से दूर है। वह बिजनौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस अभी पूछताछ कर रही और जल्द विस्तृत जानकारी के साथ राजफाश करेगी।
समसपुर निवासी बंटी के संपर्क में कुछ समय पहले कानपुर निवासी एक व्यक्ति आया। उसने डेढ़ लाख रुपये में शादी का झांसा देकर पौड़ी गढ़वाल ले गया और एक युवती से रिश्ता तय करा दिया। हालांकि उसके बाद वह बिजनौर के चांदपुर में बुलाकर 23 मार्च को कोर्ट मैरिज करा दिया। सप्ताह बाद ही दुल्हन आलू के परांठे में नशीला पदार्थ खिलाकर पति समेत अन्य सदस्यों को बेहोश कर दिया और रात में किसी समय सोने चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई।
जैसे ही युवक की बहन की करीब डेढ़ बजे आंख खुली तो वह घर दुल्हन गायब थी और दरवाजा खुला था। जबकि सभी गहरी नींद में सोते मिले। उसे संभावित जगह खोजा और फोन भी उसका स्विच आफ मिला, जबकि बिचौलिये का फोन नंबर भी बंद मिला।
उक्त मामले की शिकायत थाने पर की तो पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच आफ मिला। जैसे ही फोन गुरुवार रात खुला तो उसकी लोकेशन हरिद्वार के ज्वालापुर की मिली।
यह भी पढ़ें- मौत के चार माह तक नहीं किया बेटी का अंतिम संस्कार, शव घर में रखकर हरिद्वार भाग गया पिता
इसी आधार पर पुलिस ने शुक्रवार तड़के दबिश देकर उक्त दुल्हन व उसकी बहन और दो लोगों को दबोच लिया। हालांकि सभी लोग मिलकर लोगों को फंसाते थे और झूठी शादी कर पैसे ऐंठते थे। हालांकि पूछताछ में सभी अपना नाम पता बदलते रहे। कभी बिजनौर तो कभी पौड़ी निवासी बताते।
थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अभी पूछताछ चल रही है गिरोह में कितने लोग शामिल हैं यह भी जानकारी की जा रही है। शनिवार को विस्तृत जानकारी के साथ केस का राजफाश किया जाएगा।