मेरठ में युवक ने गला घोंटकर प्रेमिका को मौत के घाट उतारा, अन्य युवक से शादी तय होने से हुआ आग बबूला
मेरठ के परतापुर क्षेत्र में शादी कहीं और तय होने पर एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। प्रेमिका किसी और से शादी करने वाली थी।

मेरठ में घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस। जागरण
HighLights
शताब्दीनगर में पारस इंक्लेव के पास मिला युवती का शव।
चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, आरोपित प्रेमी हिरासत में।
जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी।
गुरुवार को परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर स्थित पारस इंक्लेव के पास युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने युवती की ही चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने आरोपित प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान समरीन (25) पुत्री स्माइल निवासी गली नंबर-15, श्यामनगर, थाना लिसाड़ी गेट के रूप में हुई है। वहीं, आरोपित फिरोज खान (21) पुत्र अख्तर भी इसी मोहल्ले का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, फिरोज और समरीन के बीच पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि समरीन के स्वजन ने उसकी शादी किसी दूसरे युवक से तय कर दी थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद फिरोज नाराज था। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने शताब्दीनगर में पारस इंक्लेव के पास समरीन की उसी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
गुरुवार सुबह करीब 10:55 बजे यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को हत्या की सूचना मिली। सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी, परतापुर थाना प्रभारी और रिठानी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि आरोपित फिरोज खान को हिरासत में ले लिया है। मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
शराब ठेके की कैंटिन पर मिला युवक का शव
मेरठ : गढ़ रोड पर तक्षशिला कालोनी के पास स्थित एक शराब के ठेके पर युवक का शव मिला। मृत युवक कुर्सी पर बैठी हालत में मिला। सूचना पर पहुंची मेडिकल थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्चरी भेज दिया। मृत युवक की पहचान शास्त्रीनगर सेक्टर-2 निवासी अंकुश पुत्र राजकुमार केरूप में हुई। वह शराब पीने का आदी था।
इंस्पेक्टर मेडिकल महावीर सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि तक्षशिला कालोनी के पास स्थित देसी शराब के ठेके पर एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव कब्जे में ले लिया। आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह वह आए तो देखा अंकुश कैंटीन पर कुर्सी पर बैठा है। काफी देर तक भी उसके शरीर में हलचल नहीं हुई तो लोगों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
लोगों ने बताया कि अंकुश शराब पीने का आदी था और वह ठेके के पास ही घूमता रहता था। लोगों ने उसकी पहचान की। पुलिस ने स्वजन को सूचना दी। उन्होंने मौके पर आकर पहचान की और पुलिस को बताया की शराब पीने और आपत्तिजनक व्यवहार के कारण उन्होंने अंकुश को कई साल पहले घर से निकाल दिया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण पता चलेगा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।