मेरठ में सात फेरों से पहले बिगड़ी बात, घंटों हंगामे और पंचायत के बाद लौट गई बरात
मेरठ में नाबालिग लड़की की शादी की सूचना पर चाइल्ड लाइन टीम और पुलिस ने पहुंचकर विवाह रुकवा दिया और बरात लौट गई। ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
नाबालिग की शादी की सूचना पर पुलिस संग चाइल्ड लाइन टीम पहुंची।
दस्तावेजों को लेकर उलझा मामला, शिकायतकर्ता और स्वजन के बीच तनाव।
जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को नाबालिग लड़की की शादी की सूचना पर पुलिस के संग चाइल्ड लाइन टीम पहुंची। दुल्हन को नाबालिग बताते हुए शादी रुकवा दी। तब गांव में घंटों पंचायत और हंगामे की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने लड़की को बालिग बताते हुए विभिन्न दस्तावेज दिखाने का दावा किया।
इसी बीच पूर्व विधायक के काल करने पर दोनों सुपरवाइजर चल दिए। गांव से निकलने के दौरान बीच रास्ते में किसी ने सुपरवाइजर के मोबाइल पर मार्कशीट भेज दी। उसकी उम्र 15 वर्ष थी। फिलहाल गांव में शिकायतकर्ता और लड़की के स्वजन के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं, बरात भी लौट गई।
गांव निवासी एक मजदूर की बेटी की शुक्रवार को शादी थी। बरात शामली जिले के हरड़ फतेहपुर से आई थी। इसी दौरान किसी ने चाइल्ड लाइन टीम को लड़की के नाबालिग होने की सूचना दे दी। सूचना पर टीम पुलिस के साथ गांव पहुंची और शादी रुकवा दी। कार्रवाई के विरोध में गांव में पंचायत बैठ गई। जिसमें कई ग्रामीण और आसपास के ग्राम प्रधान भी पहुंचे। ग्रामीणों ने टीम को टीसी दिखाते हुए लड़की की उम्र 18 वर्ष से अधिक होने का दावा किया।
हालांकि चाइल्ड लाइन टीम हाईस्कूल की मार्कशीट देखने पर अड़ी रही। इस पर स्वजन ने लड़की के पार्लर से लौटने के बाद मार्कशीट दिखाने की बात कही। काफी देर तक दस्तावेज नहीं आने पर ग्रामीणों ने शनिवार को मार्कशीट दिखाने का आश्वासन दिया। इसी बीच भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के फोन आने के बाद चाइल्ड लाइन टीम वहां से लौटने लगी। आरोप है कि गांव से निकलते समय शिकायतकर्ता ने टीम के सुपरवाइजर के व्हाट्सएप पर लड़की की हाईस्कूल मार्कशीट भेज दी।
खबरें और भी
इसमें लड़की की उम्र करीब 15 वर्ष सामने आने पर टीम के अधिकारी नाराज हो गए और ग्रामीणों पर गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं, दूसरी तरफ लड़की के स्वजन और ग्रामीण भी आक्रोशित हो गए। इसके चलते मौके पर तनाव और हंगामा व्याप्त हो गया। पुलिस ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
इसके बाद टीम दुल्हन के हस्ताक्षर करवाकर वहां से लौट गई। फिलहाल गांव में शिकायतकर्ता और लड़की के परिवार के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। टीम के अनुसार आज यानी शनिवार को लड़की परिवार के सदस्यों के साथ जिला प्रोबेशन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होंगे। वहीं, पुलिस जांच में जुटी है।