मेरठ में डॉक्टर कपल को जान से मारने की धमकी, 11 लाख रुपये की बकाया रकम वापस मांगने का मामला, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मेरठ में रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक चिकित्सक दंपती को जान से मारने और तेजाब फेंकने ...और पढ़ें

HighLights
आरोपियों ने जान से मारने और तेजाब फेंकने की धमकी दी।
पल्लवपुरम थाने में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, मेरठ। रुपयों के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद जान से मारने और तेजाब फेंकने तक की धमकी तक पहुंच गया। बकाया रुपये लौटाने की मांग करने पर चिकित्सक दंपती को धमकी मिली है, जिसके बाद पीड़ित चिकित्सक की तहरीर पर पल्लवपुरम थाने में आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में अंसल कोर्टयार्ड कालोनी निवासी विजय कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह और उनकी पत्नी डा. ऋचा शर्मा चिकित्सक हैं। दोनों की पहचान शीलकुंज निवासी क्षितिज चौहान, शिवम उर्फ शिवेंद चौहान तथा उनके पिता संदीप चौहान से हुई थी।
आरोप है कि तीनों ने अपनी जरूरत बताते हुए चिकित्सक दंपती से रुपये मांगे। जिसके बाद उन्होंने डा. विजय कुमार की पत्नी डा. ऋचा शर्मा के मुंहबोले भाई डा. दिव्यांशु के कहने पर रुपये देने की सहमति बनी। पीड़ित ने कहा कि 27 जुलाई 2026 को रुपये दिए, जिन्हें
15 अगस्त 2026 तक लौटाने का लिखित एग्रीमेंट तैयार किया गया था।
आरोप है कि कुल 14,26,000 रुपये आनलाइन और नकद माध्यम से दिए सौंपे गए थे। इनमें से लगभग 3,11,368 रुपये वापस किए गए, जबकि 11,32,126 रुपये बकाया रह गए। शेष रकम की वापस देने के लिए आरोपितों ने बैंक आफ इंडिया के तीन चेक दिए, जिनमें एक 1,26,132 रुपये तथा दो पांच-पांच लाख रुपये के थे।
पीड़ित विजय शर्मा के अनुसार, निर्धारित तिथि पर बैंक में चेक जमा करने पर खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने आरोपितों से रुपये वापस करने को कहा, मगर मना कर दिया गया। अब तो आरोपित पीड़ित को ही झूठे केस में फंसाने, जान से मारने और तेजाब फेंकने की धमकी देने लगे। इस प्रकरण में पल्लवपुरम पुलिस का कहना है कि नामजद केस दर्ज है, जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।