मेरठ में किसान नेता ने SSP और इंस्पेक्टर पर लगाया पीटने का आरोप, आंख से खून निकलने पर थाने में बुलाए डॉक्टर
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव ने मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय और इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ पर पिटाई का आरोप लगाया है।
-1787259307391_m.webp)
किसान नेता ने एसएसपी और इंस्पेक्टर पर लगाया पीटने का आरोप।
HighLights
किसान नेता दिग्विजय भाटी ने एसएसपी-इंस्पेक्टर पर पिटाई का आरोप लगाया।
आरोप है कि आंख से खून निकलने पर थाने में डॉक्टर बुलाए।
सपा विधायक अतुल प्रधान ने रात में भाटी को थाने से छुड़ाया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय भाटी और उनके साथी मोहित जाटव ने एसएसपी अविनाश पांडेय और सिविल लाइंस थाने के प्रभारी अखिलेश गौड़ पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। दिग्विजय भाटी ने अपनी वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी है।
उनका कहना है कि बुधवार रात को ही सिविल लाइंस थाने ले गए, जहां पर मेडिकल कराने के बाद इन्हें स्वजन को सौंप दिया गया। बुधवार रात से ही शीर्ष अफसरों से घटना के बारे में लखनऊ से जानकारी मांगी जा रही थी। दावा किया कि उसके बाद ही गुरुवार रात एसएसपी का तबादला हुआ है।
दिग्विजय भाटी का आरोप है कि वह मोहित जाटव के साथ एसएसपी अविनाश पांडेय से उनके कार्यालय में बुधवार को गैंग्सटर के एक मुकदमे में निष्पक्ष कार्रवाई के लिए गए थे। एसएसपी अविनाश पांडेय उस वक्त अपने कार्यालय में नहीं थे।
भाटी ने इंटरनेट पर प्रसारित वीडियो में बताया कि उनके पहुंचने के पांच मिनट के अंदर ही एसएसपी आ गए और सिपाही से उनको अन्दर कार्यालय में बुलवाया। आरोप है कि कार्यालय में एसएसपी ने खुद उनकी पिटाई की। बाद में सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अखिलेश गौड एसएसपी कार्यालय पहुंचे और वह पुलिस लाइन स्थित एसओजी कार्यालय ले गए।
आरोप है कि अखिलेश गौड और उनकी टीम ने भी मोहित और उनकी पिटाई की। रात को सिविल लाइंस थाने ले गए। आरोप है कि आंखों से खून आने के बाद पुलिस ने आंखों और दिमाग के डाक्टरों को भी थाने में बुलाया।
देर रात सपा विधायक अतुल प्रधान पहुंचे। वह अपनी सिपुर्दगी में भाटी को साथ लेकर आए। एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि अभी उनके पास तक यह मामला नहीं आया है। छानबीन कराई जाएगी।
इस संबंध में एसएसपी अविनाश पांडेय से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। मैसेज भी डाला गया लेकिन जवाब नहीं आया।
दिग्विजय भाटी और मोहित को रात दो बजे सिविल लाइंस थाने से छुड़ाकर लाए। बाद में पता चला कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उसके लिए आंदोलन किया जाएगा। -अतुल प्रधान, विधायक सपा।
