Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    युवक ने थाने पहुंचकर छुरी निकाली और अपनी गर्दन पर रख ली, पुलिस में मची अफरातफरी...

    By Sanjeev Pandey Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Mon, 01 Jun 2026 05:08 PM (GMT+05:30)

    Meerut News : विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार हुए एक युवक ने पुलिस कार्रवाई न होने से परेशान होकर थाने में आत्महत्या का प्रयास किया। ...और पढ़ें

    मवाना थाने में छुरी गर्दन पर रखता संदीप और उससे रोकने का प्रयास करता युवकl जागरण

    मवाना थाने में छुरी गर्दन पर रखता संदीप और उससे रोकने का प्रयास करता युवकl जागरण

    HighLights

    1. मेरठ पुलिस के कार्रवाई न करने से मानसिक रूप से परेशान था युवक।

    2. विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला।

    जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का शिकार हुए युवक ने मानसिक प्रताड़ना और कार्रवाई न होने से परेशान होकर थाना परिसर में छुरी से आत्महत्या का प्रयास कर दिया। युवक द्वारा गर्दन पर छुरी रखकर जान देने की कोशिश से पुलिस में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक के हाथ से छुरी छीनकर कर उसे थाने बैठा लिया।

    पीड़ित सीना गांव निवासी संदीप पुत्र राजपाल का आरोप है कि गांव के ही एजेंट ने उसे सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर वर्ष 2024 में लगभग दो लाख 30 हजार रुपये लिए थे, जिनमें दो लाख रुपये नगद घर बुलाकर दिए थे और 30 हजार रुपये आनलाइन दिए गए थे।

    बेहतर रोजगार और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद में उसने अपनी जमा पूंजी और उधार लेकर यह रकम आरोपियों को दे दी। युवक का कहना है कि सऊदी अरब पहुंचने के बाद उसे ड्राइवर की नौकरी देने के बजाय खेतों में मजदूरी करने के लिए मजबूर किया गया। इस संबंध में 2 मई 2024 को पीड़ित पिता ने थाने पर तहरीर दी थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

    किसी तरह भारत लौटने के बाद उसने आरोपित से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन उसे लगातार टालमटोल और धमकियों का सामना करना पड़ा। युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट भी वायरल की गईं, जिससे परिवार मानसिक तनाव में आ गया।

    खबरें और भी

    रविवार को अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा और उसने अचानक छुरी निकालकर अपनी गर्दन पर रख ली। यह देखकर थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने युवक को शांत कराया। वहीं पीड़ित के पिता की ओर से थाने पर तहरीर दी गई है।

    पत्नी व ससुराल पक्ष के खिलाफ भी तहरीर दी

    ठगी के अलावा संदीप ने एक अन्य तहरीर में पत्नी और उसके स्वजन पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये के जेवर और नगदी हड़पने का आरोप लगाया है। तहरीर में संदीप ने पत्नी, उसके भाइयों और अन्य परिजनों ने मिलकर उसे जाल में फंसाया तथा जेवर और नगदी लेकर फरार होने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.