मेरी प्रेमिका से दोस्ती करना चाहता था, इसलिए मार दिया, पुलिस ने दिल्ली से किया गिरफ्तार तो बोला जावेद
हत्यारोपित जावेद उर्फ सोनू ने मेरठ में अब्दुल समद की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है, बताया कि समद उसकी प्रेमिका से दोस्ती करना चाहता था। ...और पढ़ें

HighLights
जावेद ने प्रेमिका से दोस्ती के चलते की अब्दुल समद की हत्या।
हत्यारोपी जावेद को दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पीड़ित परिवार को हत्याकांड में अन्य लोगों के शामिल होने का शक।
जागरण संवाददाता, मेरठ। हत्यारोपित जावेद उर्फ सोनू ने बताया कि अब्दुल समद मेरी प्रेमिका से दोस्ती करना चाहता था। इसलिए मार दिया। जावेद ने बताया कि अब्दुल समद का कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसकी गर्दन पकड़ ली। उसके बाद गला दबा दिया।
बदहवास होने के बाद नाले में धक्का दे दिया, जेब से मोबाइल फोन और 460 रुपये की नकदी निकाल ले गया। मोबाइल 500 रुपये में बेचने के बाद दिल्ली के छतरपुर चला गया था। पहले भी जावेद उर्फ सोनू बिजली बंबा चौकी से बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
यह है पूरा मामला
लोहियानगर के जाकिर कालोनी गली नंबर 24 निवासी अबरार का 17 वर्षीय बेटा अब्दुल समद चाचा अब्दुल्ला की चिकन शाप पर काम करता था। 15 जून को अब्दुल रात करीब साढ़े 12 बजे दुकान से मौसी नसरीन के घर निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। 18 जून को उसका शव जाहिदपुर के नाले में मिला था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो सामने आया कि जाहिदपुर निवासी जावेद उर्फ सोनू दुकान से ही अब्दुल समद के पीछे चल रहा था। पुलिस ने जावेद को दिल्ली के छतरपुर से गिरफ्तार कर लिया।
जावेद ने बताया कि समद उसकी प्रेमिका से दोस्ती करना चाहता था। कई बार उसे मना किया। 12 दिन पहले इसी को लेकर मारपीट हो गई। उसके बाद भी समद बातचीत करना बंद नहीं कर रहा था। इसलिए समद की गला दबाकर हत्या कर दी।
खबरें और भी
पुलिस ने जावेद को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। साथ ही जावेद के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हालांकि, अब्दुल समद के परिवार का आरोप है कि जावेद के अलावा भी इस हत्याकांड में अन्य कोई शामिल है। पुलिस ने सिर्फ जावेद को ही आरोपित बनाया है।
उनका यहां तक कहना है कि जावेद की प्रेमिका से समद बात नहीं कर सकता था। जावेद हत्या की असली वजह छिपा रहा है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि जावेद को जेल भेजकर उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।