इंस्टाग्राम पर 'हसीना से दोस्ती' पड़ी भारी, अग्निवीर का न्यूड वीडियो बनाकर 1.30 लाख ठगे, मेरठ पुलिस ने दर्ज किया केस
Meerut News: मेरठ में एक अग्निवीर सैनिक इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गया। युवती ने वीडियो कॉल के दौरान उनका न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, साइबर विभाग के नाम पर भी ठगी।
मेरठ पुलिस ने कंकरखेड़ा थाने में केस दर्ज किया, साइबर टीम जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती और फिर वीडियो काल अग्निवीर सैनिक के लिए मुसीबत बन गई। आरोप है कि युवती ने बातचीत के दौरान उसकी न्यूड वीडियो रिकार्ड कर ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगे।
डर के चलते पीड़ित ने 1.30 लाख रुपये बताए गए खाते में भेज दिए। इसके बाद भी अलग-अलग नंबरों से काल कर रकम की मांग की जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर कंकरखेड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर टीम को जांच में लगाया है।
मेरठ छावनी में तैनात अग्निवीर सैनिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह चार जुलाई 2026 से मेरठ अपनी यूनिट में कार्यरत है। उनका मूल निवास महाराष्ट्र में है। दर्ज मुकदमें में सैनिक ने बताया कि 27 अगस्त को इंस्टाग्राम पर उनकी बातचीत दीप्ती नाम की युवती से हुई। इसके बाद दोनों वीडियो काल पर बात करने लगे।
आरोप है कि युवती ने चालाकी से उनकी न्यूड वीडियो रिकार्ड कर ली। बाद में क्लिप डिलीट करने के नाम पर ब्लैकमेल किया जाने लगा। परेशान होकर आकाश ने युवती को ब्लाक कर दिया। इसके बाद एक व्यक्ति ने खुद को साइबर विभाग का अधिकारी बताते हुए पीड़ित सैनिक से संपर्क किया। उसने कहा कि यूट्यूब से वीडियो हटवाने के लिए बताए गए व्यक्ति को धनराशि भेजनी होगी।
उसकी बातों में आकर पीड़ित सैनिक ने 1.30 लाख रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम देने के बाद भी परेशानी खत्म नहीं हुई। अब कई मोबाइल नंबरों से फोन कर सैनिक से लगातार पैसों की मांग की जा रही है और धमकियां दी दे रहें हैं।
पीड़ित ने अपनी रकम वापस दिलाने के साथ आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दीप्ती के नाम और उसके मोबाइल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम लेनदेन और मोबाइल नंबरों की पड़ताल कर रही है।
साइबर टीम जुटी जांच में, जल्द होगा राजफाश
कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि युवती के नाम और मोबाइल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर टीम मामले की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
