मेरठ में पकड़ा गया अवैध हथियारों का जखीरा, हेड कांस्टेबल समेत दो आरोपित पुलिस रडार पर
पुलिस ने मेरठ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी केशू यादव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि उस ...और पढ़ें

मवाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। जागरण
HighLights
मेरठ में अवैध हथियार गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार।
गिरफ्तार आरोपी का चचेरा भाई यूपी पुलिस हेड कांस्टेबल।
पिस्टल, रिवाल्वर, तमंचे और कारतूस बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का राजफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक पिस्टल, एक रिवाल्वर, तीन तमंचे, सात कारतूस और 1,550 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई की शाम मुखबिर की सूचना पर मुखदूमपुर अड्डे के पास नहर किनारे दबिश देकर ग्राम मटौरा निवासी केशू यादव (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक .32 बोर पिस्टल, एक .38 बोर रिवाल्वर, तीन .315 बोर तमंचे, छह .315 बोर कारतूस, एक .32 बोर कारतूस तथा ₹1,550 बरामद हुए। इस संबंध में थाना मवाना पर धारा 61(2) बीएनएस एवं 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसका चचेरा भाई अमित कुमार यादव, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है और वर्तमान में थाना कांधला (शामली) में कार्यरत है, थाने से हथियार और कारतूस लाकर उसे बेचने के लिए देता था। आरोपी ने यह भी बताया कि तुषार के साथ मिलकर दोनों अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते थे और कमाई का हिस्सा आपस में बांटते थे। फिलहाल अमित कुमार यादव और तुषार फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। बरामदगी में एक पिस्टल, एक रिवाल्वर, तीन तमंचे, सात जिंदा कारतूस और नकदी शामिल है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में मवाना पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।