विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ: 'खुन्नस' में UP पुलिस के सिपाहियों ने रची साजिश, भर्ती केंद्र में सेंध लगाकर की चोरी; एक आरोपित गिरफ्तार

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 23 Sep 2026 02:15 PM (IST)

Meerut News: पुलिस लाइन के डीवीपीएसटी केंद्र से कंप्यूटर और हार्डडिस्क चोरी के मामले में एक सिपाही विनय कुमार को ...और पढ़ें

मेरठ पुलिस लाइन स्थित भर्ती केंद्र।

मेरठ पुलिस लाइन स्थित भर्ती केंद्र।

HighLights

  1. पुलिस लाइन से कंप्यूटर, हार्डडिस्क चोरी मामले में सिपाही गिरफ्तार।

  2. चोरी का सामान बरामद, दूसरा सिपाही हिरासत में, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पुलिस लाइन के डीवीपीएसटी (डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन एंड फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट) केंद्र से कंप्यूटर और हार्डडिस्क चोरी करने का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके एक अन्य साथी सिपाही से पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी है।

भर्ती केंद्र के इंचार्ज लिपिक कमल सैनी से प्रतिशोध लेने के उद्देश्य से जीपी (जनरल प्रोडक्ट) स्टोर के दोनों सिपाहियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सिपाहियों की बैरक से चोरी हुए कंप्यूटर, हार्डडिस्क और अन्य सामान को बरामद कर लिया है। दोनों सिपाहियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए।

नौ सितंबर को केंद्र प्रभारी कमल सैनी सुबह 10 बजे केंद्र पर पहुंचे थे। केंद्र का ताला खोलने पर कंप्यूटर मय सिस्टम नहीं मिला। दूसरे दिन कमल सैनी केंद्र का ताला खुला छोड़कर चले गए। इसके बाद केंद्र से सीसीटीवी के डीवीआर की दो हार्ड डिस्क चोरी हो गए। पुलिस लाइन के गेट नंबर तीन और दो से केंद्र तक लगे सीसीटीवी के 12 कैमरों के तार काट दिए गए।

एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया साइबर थाने में कंप्यूटर और हार्डडिस्क चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। उक्त मुकदमे के पर्दाफाश को पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थी। आरआइ के कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और मोबाइल सर्विलांस से पुलिस ने चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया।

बकौल एसपी क्राइम, जीपी स्टोर में काम करने वाले सिपाही विनय कुमार निवासी दिल्ली और नीरज कुमार ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों को हिरासत में लेने के बाद उनकी बैरक से कंप्यूटर, हार्डडिस्क और अन्य सामान बरामद कर लिया। विनय कुमार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि नीरज कुमार से पूछताछ की जा रही है। विनय के साथ चोरी की घटना में नीरज कुमार ने सहयोग किया था।

कमल की दोबारा भर्ती केंद्र पर तैनाती से खफा थे विनय और नीरज

तत्कालीन एसएसपी विपिन ताडा ने भर्ती केंद्र के बाबू कमल सैनी को हटा दिया था। कमल सैनी की एक वीडियो प्रसारित हुई थी। एसएसपी विपिन ताडा के स्थानांतरण के तुरंत बाद कमल सैनी सेटिंग कर दोबारा से भर्ती केंद्र पर पहुंच गया। जीपी स्टोर पर तैनात सिपाही विनय और नीरज इसी को लेकर कमल सैनी से खुन्नस रखते थे। उन्होंने कमल सैनी को सबक सिखाने के लिए ही भर्ती केंद्र से कंप्यूटर चोरी किया था।

सरकारी था कंप्यूटर, हाल ही में भर्ती केंद्र पर लगाया था

एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि कंप्यूटर भर्ती केंद्र पर हाल ही में लगाया था, जो सरकारी था। कंप्यूटर में भर्ती का डाटा नहीं था। भर्ती के डाटा वाला मुख्य कंप्यूटर दूसरा है। जीपी स्टोर पर तैनात पुलिसकर्मियों की भी भर्ती केंद्र में दखल होता है।