Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मेरठ में बारिश जारी, इसे लेकर क्या है IMD का पूर्वानुमान? जलभराव व ब‍िजली गुल होने से बढ़ी परेशानी

    By Sarvendra Pundir Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 09 Jul 2026 12:24 PM (IST)

    Meerut weather: मेरठ में बुधवार से जारी भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित हुआ। प्रशासनिक ...और पढ़ें

    मेरठ स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स क्षेत्र में जलभराव

    मेरठ स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स क्षेत्र में जलभराव

    HighLights

    1. मेरठ में बारिश से कई इलाके जलमग्न, लोगों को हो रही परेशानी।

    2. प्रशासनिक दावों के बावजूद जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। बुधवार को शुरू हुई बरसात गुरुवार को भी जारी है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मि‍ली है, लेक‍िन लगातार बरसात से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

    गुरुवार सुबह से दोपहर 12 बजे तक 41 मिलीमीटर बरसात र‍िकार्ड की गई। इससे पहले 104 मिमी बरसात पिछले 24 घंटे में हुई थी। 

    स्मार्ट सिटी के कागजी दावों,अनियोजित विकास और आधी-अधूरी नाला सफाई के चलते बुधवार की सुबह महज आधे घंटे की बरसात में कई इलाके जलमग्न हो गए। गुरुवार को यह स्‍थि‍ति‍ और खराब हो गई है। कई जगह ब‍िजली गुल होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। 

    इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान के तहत हर समस्या का समाधान करने का दम भरने वाले प्रशासनिक अफसर, जिम्मेदार विभागों की स्मार्ट योजनाएं नाले के गंदे पानी में तैरती नजर आईं। बच्चा पार्क, हापुड़ रोड और दिल्ली रोड जैसी शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली सड़कों पर भारी जलभराव ने न सिर्फ यातायात को ठप कर दिया बल्कि घरों और दुकानों में पानी घुस गया। लोग घरों में कैद हो गए।

    सुनियोजित विकास के दावे करने वाला मेरठ विकास प्राधिकरण, नगर निगम के कार्यालय और कलक्ट्रेट में भी पानी घुस गया। घुटनों तक पानी से लबालब सड़कों पर वाहन तैरते नजर आए। हद तो तब हो गई जब आपात स्थिति से निपटने और त्वरित जल निकासी के बड़े-बड़े दावे करने वाले नगर निगम के अधिकारी बरसात के दौरान पंप सेट तक के इंतजाम नहीं कर सके।

    खबरें और भी

    नारकीय हालातों में स्कूली बच्चे स्कूल, कामकाजी लोग अपने कार्यालय जाने को मजबूर हुए तो मुहल्लों में दूधवाले, सब्जी बेचने वाले का पहुंचना मुश्किल रहा। हजारों परिवार जलभराव से न केवल घिरे बल्कि कैद हो गए हैं। जलभराव से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

    आगामी 10 जुलाई तक होती रहेगी बरसात 

    सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. यूपी शाही ने बताया कि आगामी 10 जुलाई तक रूक-रूककर बरसात होती रहेगी। इसके बाद तीन से चार दिन तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ तेज हवा भी चलने की उम्मीद है।

    बारिश सिर्फ तापमान कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर पर्यावरण और कृषि पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। अच्छी बारिश से भूजल स्तर में सुधार, तालाबों और जलाशयों में जलभराव होगा। धूल और प्रदूषण के स्तर में कमी आएगी।

    यह भी पढ़ें- Meerut-Pauri Highway पर बरसात के कारण बह रहे किनारे,सड़क में भी दरार; गंगा पर बन रहे पुल का नि‍र्माण कार्य अटका

    किसानों के लिए लाभदायक है बरसात : राजीव सिंह

    जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह बरसात किसानों के लिए लाभदायक है। खरीफ की फसल के लिए बेहद लाभदायक है। धान, मक्का, बाजरा, ईख की फसलों के लिए यह बरसात सोने की तरह है। खेतों में नमी रहेगी और फसल की पैदावार अच्छी होगी।