विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में पुलिस की जेल भेजने की धमकी से सहमी बुजुर्ग महिला ने लगाई फांसी, बेटे से हुआ था विवाद

Published: Tue, 22 Sep 2026 08:30 AM (IST)

मेरठ में पुलिस की जेल भेजने की धमकी से डरी एक सेवानिवृत्त शिक्षक की 62 वर्षीय पत्नी ने आत्महत्या कर ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. सेवानिवृत्त शिक्षक की पत्नी ने पुलिस की धमकी के बाद की आत्महत्या।

  2. पेंशन के विवाद में बेटे पर टॉयलेट क्लीनर फेंका था वृद्धा ने।

  3. पुलिस ने जेल भेजने की धमकी दी, जिससे महिला डर गई थी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पुलिस के जेल भेजने की धमकी से सहमी सेवानिवृत्त शिक्षक की पत्नी ने शनिवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। सेवानिवृत्त शिक्षक की पेंशन को लेकर वृद्धा का कई दिनों से बेटे के साथ विवाद चल रहा था। रात में विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साई वृद्धा ने बेटे व पोते पर टायलेट क्लीनर फेंक दिया।

बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस वृद्धा को धमकाकर वापस चली गई। इसके बाद वृद्धा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उत्तराखंड के प्राइमरी स्कूल में शिक्षक पद से 2011 में सेवानिवृत्त हुए युद्धवीर सिंह के दो बेटे परमवीर व शिवकुमार हैं।

शिवकुमार सेना से रिटायर्ड होने के बाद परिवार संग शहर में रहते हैं। युद्धवीर सिंह पत्नी 62 वर्षीय सुमित्रा देवी के साथ बड़े बेटे परमवीर के साथ गांव में रहते हैं। युद्धवीर लकवाग्रस्त हैं। पेंशन का पूरा हिसाब पत्नी सुमित्रा देवी ही रखती थी। कई दिनों से परमवीर पेंशन की रकम मांग रहा था।

एसपी देहात ने बताया क्या था मामला

इसे लेकर मां-बेटे में विवाद चल रहा था। शनिवार रात विवाद इतना बढ़ा कि सुमित्रा गुस्से में आ गई और बेटे पर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया। बीच-बचाव में आया पोता उदय भी टॉयलेट क्लीनर की चपेट में आ गया।

कुछ छींटे पोते की आंख में भी गिर गए। परमवीर ने पुलिस को बुला लिया। आरोप है कि पुलिस ने सुमित्रा को जेल भेजने की धमकी दी। देर रात घर के सामने पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाकर सुमित्रा ने आत्महत्या कर ली।

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि महिला बेटे व पोते उदय के ऊपर टॉयलेट क्लीनर फेंकने से सुमित्रा को आत्मग्लानि हो रही थी। पुलिस के आने से भी वह डर गई थीं। इसी वजह से उन्होंने संभवत: पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या की है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- 'मैंने अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया है...', मेरठ में पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपित ने कबूला जुर्म