विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में घर के बाहर 6 फीट गहरे नाले में गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत

By Shubham Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 28 Aug 2026 05:36 PM (IST)

मेरठ के सिवालखास में घर के बाहर खेलते समय डेढ़ वर्षीय मासूम मोहम्मद जेन की छह फुट गहरे नाले में ...और पढ़ें

मोहम्मद जेन का फाइल फोटो और इसी नाले में गिरा मासूम। जागरण

मोहम्मद जेन का फाइल फोटो और इसी नाले में गिरा मासूम। जागरण

HighLights

  1. सिवालखास में हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज से चला हादसे का पता

  2. नगर पंचायत की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

संवाद सूत्र, जानी खुर्द (मेरठ)। जानी खुर्द थाना क्षेत्र के सिवालखास कस्बे में शुक्रवार को नगर पंचायत की लापरवाही के चलते एक डेढ़ वर्षीय मासूम की नाले में गिरने से मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर खेलते समय अचानक करीब छह फुट गहरे नाले में जा गिरा। काफी देर तक बच्चे के दिखाई नहीं देने पर स्वजन और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।

करीब एक घंटे बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर बच्चे के नाले में गिरने की जानकारी हुई। इसके बाद नाले में तलाश शुरू की गई, जहां से बच्चे का शव बरामद हुआ। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना को लेकर कस्बावासियों में नगर पंचायत के प्रति आक्रोश है।

सिवालखास कस्बे में शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे गुलबहार का डेढ़ वर्षीय पुत्र मोहम्मद जेन घर के बाहर खेल रहा था। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्चा घर के सामने स्थित नाले की ओर चला गया और देखते ही देखते करीब छह फुट गहरे नाले में गिर गया। जिसकी स्वजन को जानकारी नहीं हो सकी। काफी देर तक बच्चे की आवाज सुनाई नहीं देने पर स्वजन को चिंता हुई।

उन्होंने घर के बाहर जाकर देखा तो जेनू वहां नहीं था। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों के साथ बच्चे की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने आसपास के संभावित स्थानों पर बच्चे को तलाशा। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। करीब एक घंटे तक तलाश के बाद स्वजन और ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगालनी शुरू की।

फुटेज देखने पर सामने आया कि मोहम्मद जेन घर के बाहर खेलते हुए नाले की तरफ गया था और उसमें गिर गया। फुटेज से नाले में गिरने की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने नाले में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद मोहम्मद जेन का शव नाले से बरामद कर लिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद कस्बे में मातम छा गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि नाला काफी गहरा है और इसके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने नगर पंचायत से नाले को ढकवाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है।

मासूम का शव मिलते ही स्वजन में मची चित्कार

नाले से मासूम मोहम्मद जेन का शव बरामद होते ही स्वजन में चित्कार मच गई। तीन बच्चों मे सबसे छोटा मोहम्मद जेन था। इसके पिता गुलबहार स्पेलर चलाते हैं। बेटे का शव देखते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और स्वजन को सांत्वना देने लगे। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मासूम की मौत के लिए नगर पंचायत की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर आक्रोश जताया।