मेरठ में महाजाम: दिल्ली रोड से माल रोड तक फंसे वाहन, जाम से छुटकारा दिलाने में ट्रैफिक पुलिस नाकाम
मेरठ में दीपावली की खरीदारी के कारण दिल्ली रोड और माल रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से रात ...और पढ़ें

सड़कों पर जाम में फंसे वाहन।
HighLights
दीपावली की खरीदारी से मेरठ के प्रमुख मार्ग जाम रहे।
दिल्ली रोड से माल रोड तक वाहन घंटों फंसे रहे।
यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस के प्रयास विफल रहे।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दीपावली तक जरूरी काम होने पर ही सड़कों पर निकलें, वरना सफर में काफी समय लग सकता है। गुरुवार को सुबह से रात तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम लगा रहा। माल रोड, जीरो माइल और दिल्ली रोड पर वाहन रेंगते रहे। दिल्ली रोड पर बेगमपुल से परतापुर इंटरचेंज तक वाहन सुबह से शाम तक फंसे रहे और मिनटों का सफर घंटों में पूरा हुआ।
बिजली बंबा बाईपास पर वाहनों की लंबी कतार शाप्रिक्स माल तक पहुंच गई। जाम से बचने के लिए वाहन चालकों ने अंदरूनी रास्ते अपनाए, जिससे शहर के भीतरी हिस्सों और बाजारों में भी यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने शहर के विभिन्न प्वाइंटों पर थानों से बल तैनात किया। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी से कुछ जगहों पर जाम से राहत मिली, लेकिन यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस पूरी तरह सफल नहीं रही।
शहर में वाहनों का लगातार दबाव और त्योहारी खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही यातायात पुलिस के संज्ञान में थी। पुलिस ने जाम से निपटने का दावा किया था। एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि धनतेरस पर शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
जाम वाले प्वाइंट
- माल रोड पर लालकुर्ती थाने के सामने, टैंक चौराहा, होमगार्ड चौराहा, बाउंड्री रोड, ए-वन बैकरी के सामने चौराहा पर लालकुर्ती पुलिस को लगाया।
- दिल्ली रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर गेट, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा, रोडवेज बस स्टैंड और बेगमपुल पर टीपीनगर, रेलवे रोड और सदर बाजार पुलिस को लगाया।
- बच्चा पार्क, इंदिरा चौक, हापुड़ अड्डा, एल-ब्लाक चौकी पर कोतवाली एवं नौचंदी पुलिस लगाई।