विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ की ट्रांसपोर्ट नगर रोड होगी फोरलेन, ट्रकों के लिए बनेगी अलग सर्विस रोड

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 27 Oct 2026 05:30 AM (IST)

मेरठ की ट्रांसपोर्ट नगर रोड को सीएम ग्रिड योजना के तहत चार लेन का बनाया जाएगा, जिसमें ट्रकों के लिए ...और पढ़ें

निर्माणाधीन टीपी नगर रोड । जागरण

निर्माणाधीन टीपी नगर रोड । जागरण

HighLights

  1. अब ट्रांसपोर्ट नगर रोड चार लेन की बनेगी।

  2. ट्रकों के लिए अलग सर्विस रोड का निर्माण।

  3. 33 करोड़ की लागत से कार्य जल्द शुरू।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली रोड से बागपत रोड को जोड़ने वाले ट्रांसपोर्ट नगर के मुख्य मार्ग को सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाया जा रहा है। डिजाइन को लेकर ट्रांसपोर्टरों के विरोध के कारण काम धीमी गति से चल रहा था। मामले के समाधान के लिए नगर निगम ने पुराने डीपीआर में शामिल सड़क की डिजाइन जनप्रतिनिधियों के सामने रखी, जिस पर सहमति मिलने के बाद मुहर लगा दी गई। अब कोई अड़चन नहीं आई तो ट्रांसपोर्ट नगर रोड चार लेन बनेगी।

बाहर से आने-जाने वाले वाहन दिल्ली रोड से बागपत रोड तक बिना अवरोध निकल सकेंगे। ट्रकों के आवागमन के लिए दोनों तरफ अलग सर्विस रोड बनाई जाएगी। महापौर कैंप कार्यालय में हुई बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल और महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने डिजाइन को मंजूरी दी। उन्होंने नगर निगम को बिना देरी सड़क निर्माण कराने का निर्देश दिया।

ट्रांसपोर्ट नगर रोड करीब 1.3 किमी लंबी और 45 मीटर चौड़ी है। निगम अधिकारियों की ओर से प्रस्तुत डिजाइन के अनुसार सड़क के बीच में 1.2 मीटर चौड़ा डिवाइडर बनेगा। इसके दोनों तरफ दो-दो लेन होंगी, जिनमें प्रत्येक तरफ सड़क की चौड़ाई 7.50 मीटर होगी। डिवाइडर सहित मुख्य सड़क करीब 16 मीटर चौड़ी रहेगी। मुख्य सड़क और सर्विस रोड के बीच दोनों तरफ 1.8 मीटर चौड़ा फुटपाथ बनेगा। यह दोनों सड़कों को अलग करेगा। फुटपाथ के नीचे यूटिलिटी बाक्स में टेलीकाम और बिजली की लाइनें डाली जाएंगी।

पेयजल और सीवर लाइन के लिए भी जगह रखी जाएगी। फुटपाथ के बाद दोनों तरफ 10.50 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनेगी। इसका इस्तेमाल ट्रक और स्थानीय निवासी आवागमन के लिए करेंगे। सर्विस लेन से बागपत रोड और दिल्ली रोड के प्रवेश द्वारों तक जाने का रास्ता दिया जाएगा। इसके आगे दोनों तरफ 1.4 मीटर चौड़े नाले बनाए जाएंगे। नाले कवर्ड होंगे, इसलिए सर्विस लेन और नालों की जगह का इस्तेमाल पार्किंग के लिए भी किया जा सकेगा।


जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्य सड़क और सर्विस रोड अलग होने से बाहरी वाहनों का आवागमन सुगम होगा। बागपत रोड और उससे जुड़े संपर्क मार्ग से रेलवे स्टेशन कैंट तथा दिल्ली रोड की ओर जाने वालों को परेशानी नहीं होगी। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह को एक सप्ताह में काम तेज गति से शुरू कराने का निर्देश दिया। टीपीनगर रोड के दोनों ओर नालों का 80 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। अब डिवाइडर तोड़कर नया बनाया जाएगा। सड़क की लागत करीब 33 करोड़ रुपये है।

ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने कहा, अब विरोध नहीं
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि अब निर्माण का कोई विरोध नहीं है और काम जल्द शुरू किया जाए। पहले तीन मीटर चौड़ा फुटपाथ बनाने की बात पर ट्रांसपोर्टरों ने विरोध किया था। नगर निगम अधिकारियों ने अब 1.8 मीटर चौड़े फुटपाथ की जानकारी दी है, जिससे ट्रांसपोर्टर सहमत हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।