मेरठ में तेज धूल भरी हवा से बदला मौसम, अगले तीन दिनों को लेकर यह है IMD का अनुमान
मेरठ में मंगलवार को तेज धूप और उमस के बाद शाम को धूल भरी हवाएं चलीं, जिससे मौसम में बदलाव आया। ...और पढ़ें

HighLights
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, किसानों को खरीफ बुवाई की तैयारी का सुझाव।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जनपद के मौसम में तेजी से परिवर्तन देखने को मिल रहा है। मंगलवार को दिन में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग हलकान रहे। शाम चार बजे तेज धूल भरी हवाओं चलीं और आसमान में बादल छा गए।
दोपहर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 39.3 रिकार्ड किया गया। शाम छह बजे तक 30 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय कृषि प्रणाली संस्थान के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. एम शमीम ने बताया कि मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम गर्म एवं उमस भरा रहने, कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री रहने का अनुमान है। 25 जून के आसपास सर्वाधिक तापमान दर्ज किया जा सकता है। हालांकि बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा से गर्मी के प्रभाव में अस्थायी राहत मिल सकती है।
डा. शमीम ने बताया कि किसानों को अधिक नमी वाले खेतों में खरीफ फसलों की बुवाई हेतु भूमि की तैयारी पूर्ण कर लेनी चाहिए। हल्की वर्षा होने पर नर्सरी प्रबंधन एवं अन्य कृषि कार्य करें।
सहारनपुर में फिर निकली चटक धूप
सहारनपुर: गत दिवस हल्की बूंदाबांदी के बाद जिले के मौसम फिर तेजी से करवट बदली है। सुबह से निकली चटक धूप व गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है तथा पारा भी 37.0 डिग्री के पार जाने को आतुर नजर आ रहा है।
खबरें और भी
गत दिवस की अपेक्षा मंगलवार की सुबह तेज धूप से हुई तथा दिन चढ़ने के साथ ही धूप देह झुलसाने लगी थी, उसपर गर्मी की भीषण मार लोगों को बेचैन किए रही। गर्मी इतनी ज्यादा थी कि पंखे व कूलर फिर से गर्म हवा फेंकने लगे थे तथा साप्ताहिक बंदी के दिन लगने वाले मंगल बाजार में ग्राहकों की संख्या बेहद कम दर्ज की गई।
पूर्व के दिनों की भांति चौराहों से लेकर मुख्य मार्गों पर वाहनों की भारी कमी रही तथा ट्रैफिक पुलिसकर्मी से लेकर आम लोग तक गर्मी से बचाव करते तथा जरूरी होने पर ही घरों से निकल रहे थे। उधर पारा भी तेजी से चढ़ने लगा है, मंगलवार को पारा 3.0 डिग्री चढ़ने से मौसम बेहद गर्म हो गया है तथा दिन का अधिकतम तापमान जहां 37.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
वहीं रात का न्यूनतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजकीय मौसम वेधशाला प्रभारी अमीर आलम अगले कई दिन गर्मी व तापमान बढ़ने के अलावा बादल चाल जारी रहने तथा हवाओं में तेजी की संभावना जता रहे है।