पति से लेना चाहती थी तलाक… महिला के प्रपंच से गांव में मचा हड़कंप, पुलिस ने किया ‘दूध-पानी अलग-अलग’
एक विवाहिता ने पति से तलाक लेने और संपत्ति हड़पने के लिए दिनदहाड़े लूट का झूठा प्रपंच रचा। पुलिस की ...और पढ़ें

HighLights
विवाहिता ने तलाक के लिए रची लूट की साजिश।
पुलिस पूछताछ में हुआ झूठी लूट का खुलासा।
नकदी, आभूषण बरामद, महिला पर होगी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पति से तलाक लेने की जुगत में विवाहिता ने ससुराल में दिनदहाड़े लूट का प्रपंच रच दिया। तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूट की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। इस दौरान थाना पुलिस के साथ एसपी देहात, सीओ और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की। संदेह होने पर पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो कथित साजिश का राजफाश हो गया है। पुलिस के अनुसार, महिला की निशानदेही पर नकदी और आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
यह है पूरा मामला
किठौर के नित्यानंदपुर निवासी गुड्डू (34) पुत्र सुभाष की शादी एक साल पहले हापुड़ की फुलडेरा निवासी मुकेश देवी से हुई थी। गुड्डू हापुड़ के सिंभावली थानाक्षेत्र के रझैटी गांव में सूकर फार्म करता है। बताया कि शादी के बाद से ही मुकेश देवी की पति और ससुरालियों से अनबन रहती थी। इसके चलते मुकेश देवी ने पति से किसी भी तरह तलाक लेने का मन बना रखा है।
बताया कि रविवार शाम गुड्डू ने सूकर फार्म से एक लाख रुपये लाकर मुकेश देवी को दिए थे। सोमवार को सुबह सवेरे वह फार्म पर चला गया। गुड्डू की मां अंगूरी देवी और बहन स्वाति घास लेने जंगल चली गईं। लगभग नौ बजे मुकेश देवी ने षडयंत्र के तहत कानों से कुंडल निकाले।
फिर संदूक, अलमारी में रखे अपने और ननद स्वाति की शादी के लिए बनवाकर लाए गए आभूषण, एक लाख नकदी निकाली। तमाम आभूषणों को कागज की कई पुड़ियों में बांधकर अलग-अलग छुपा दिए। मुकेश देवी ने मोबाइल भी छुपा दिया। तत्पश्चात पड़ोस के लोगों को तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूट किए जाने की बात बताई।
दिनदहाड़े लूट सुनकर ग्रामीणाों में मचा हड़कंप
गांव में दिनदहाड़े लूट सुन ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने गांव में लूट का ऐलान कराते हुए पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना मयफोर्स पहुंचे। मौका मुआयना कर उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। तत्पश्चात एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ विश्वज्योति राय फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस के सामने उगला सच
जांच-पड़ताल में संदेह होने पर पुलिस पूछताछ के लिए मुकेश देवी को थाने ले गई। वहां सख्ती से पूछताछ करने पर मुकेश ने राजफाश कर बताया कि उसका पति और ससुरालजन से विवाद रहता है। इसके चलते वह पति से तलाक लेने की जुगत में थी। बताया कि यदि वह स्वयं तलाक मांगती तो फैसले में उसे कुछ नही मिलता। इसलिए उसने एक लाख नकदी, ननद और अपने लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के आभूषण छुपाकर लूट की अफवाह कर दी।
बकौल पुलिस मुकेश देवी का प्लान था कि वह किसी भी दिन आभूषण व नकदी लेकर मायके चली जाएगी और फिर वहां से लौटने के बजाय पति से तलाक ले लेगी। पुलिस ने बताया कि कुछ समय बाद उसकी ननद की शादी थी। महिला द्वारा आभूषण जगह-जगह पुड़िया बनाकर रखे गए थे।
सूत्रों की मानें तो पुलिस टीम ने मुकेश देवी की निशानदेही पर नकदी और आभूषण उसके घर से बरामद कर लिए हैं। अब पुलिस आरोपित महिला और इस षड्यंत्र में शामिल उसके सहयोगियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।