विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उपलब्धि! उम्र महज 7 साल 5 माह; हौसला ऐसा कि 2 मिनट 40 सेकंड में 105 कार्टव्हील लगाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

By English Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 12 Sep 2026 06:15 AM (GMT+05:30)

सेजल तेवतिया ने 7 साल 5 माह की उम्र में 2 मिनट 40 सेकंड में 105 कार्टव्हील लगाकर नया विश्व ...और पढ़ें

कार्टव्हील प्रतियोगिता में विश्व रिकार्ड बनाने के बाद सेजल का उत्साहवर्धन करते कोच गौरव त्यागी। साथ में माता मानषी तेवतिया और पिता प्रिंस तेवतिया। जागरण

कार्टव्हील प्रतियोगिता में विश्व रिकार्ड बनाने के बाद सेजल का उत्साहवर्धन करते कोच गौरव त्यागी। साथ में माता मानषी तेवतिया और पिता प्रिंस तेवतिया। जागरण

HighLights

  1. पंजाब की सनाया का तीन मिनट दो सेकंड में 100 कार्टव्हील का रिकार्ड तोड़ा।

  2. बालिका एथलीट सेजल कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में करती है अभ्यास।

जागरण संवाददाता, मेरठ। उम्र महज सात वर्ष पांच माह, लेकिन हौसला ऐसा कि लगातार कार्टव्हील लगाते हुए 105 का आंकड़ा पार कर दिया। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रही बालिका एथलीट सेजल तेवतिया ने दो मिनट 40 सेकंड में 105 कार्टव्हील लगाकर पुराने गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया है। पुराना विश्व रिकार्ड तीन मिनट दो सेकंड में 100 कार्टव्हील करने का पंजाब में लुधियाना निवासी नौ वर्षीय सनाया सूद ने वर्ष 2025 में बनाया था। सेजल ने नया विश्व रिकार्ड अपने नाम दर्ज करने के लिए दावा भी पेश किया है।

छोटी सी उम्र में सेजल की इस उपलब्धि ने खेल जगत में उसकी प्रतिभा की झलक दिखा दी है। अब सेजल की नजर अगले प्रदर्शन पर है, जहां वह लेग स्प्लिट में अपनी प्रतिभा दिखाएगी। वंडरसिटी कालोनी निवासी प्रापर्टी डीलर पिता प्रिंंस तेवतिया ने बताया कि सेजल करीब दो साल से खेलों का प्रशिक्षण ले रही हैं। वह दौड़ में भी बेहतर प्रदर्शन कर चुकी हैं। वर्ष 2025 में सेजल ने अंडर-आठ वर्ग की 60 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

उन्होंने बताया कि कम उम्र से ही सेजल को खेलों में रुचि रही है और वह नियमित अभ्यास करती हैं। मां मानषी तेवतिया ने बताया कि सेजल अभी कक्षा एक में किड्स एकेडमी में पढ़ती है। उसकी रुचि खेल में अधिक है, इसलिए हमने उसे खेल में भेजा। कोच गौरव त्यागी और प्रफुल्ल त्यागी ने बताया कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। सही उम्र में प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से बच्चे खेलों में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

सेजल भी लगातार मेहनत कर रही हैं और आने वाले समय में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। विश्व रिकार्ड बनाने के बाद सेजल अगले प्रदर्शन की तैयारी में जुट गई हैं। करीब 15 दिन बाद कैलाश प्रकाश स्टेडियम में लेग स्प्लिट में प्रदर्शन करेंगी। इसके लिए वह लगातार अभ्यास कर रही है।

क्या है कार्टव्हील और लेग स्प्लिट

कार्टव्हील : यह जिम्नास्टिक या व्यायाम का एक मूवमेंट है, जिसमें शरीर को साइड में घुमाया जाता है। इसमें व्यक्ति अपने हाथों और पैरों को जमीन पर एक पहिये की तरह घुमाते हुए कलाबाजी करता है।

लेग स्प्लिट : एक शारीरिक मुद्रा या स्थिति है जिसमें दोनों पैरों को विपरीत दिशाओं में इस प्रकार फैलाया जाता है कि वे एक सीधी रेखा बनाते हैं और जांघों के बीच का कोण लगभग 180 डिग्री हो जाता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।