Commonwealth Games 2026 में हर तीसरा एथलेटिक्स थ्रो उपकरण मेरठ का होगा; जापान, स्वीडन, पोलैंड के ब्रांड्स संग बनाई जगह
Commonwealth Games 2026: मेरठ ने खेल सामग्री के वैश्विक केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए स्वीकृत एथलेटिक्स थ्रो ...और पढ़ें

भल्ला इंटरनेशनल के विनेक्स ब्रांड का भाला फेंकता कजाकिस्तान का एथलीट और नेस्को के डिस्कस थ्रो के साथ टोक्यो ओलिंपिक 2020 में रजत पदक विजेता साइमन पिटरसन। सौ. सोशल मीडिया
HighLights
स्काटलैंड के ग्लासगो शहर में 23 जुलाई से दो अगस्त तक होंगे कामनवेल्थ गेम्स।
42 में से 14 उपकरण मेरठ की कंपनियों विनेक्स, नेल्को और आनंद ट्रैक इक्विपमेंट्स के होंगे।
अमित तिवारी, मेरठ। खेल सामग्री निर्माण की वैश्विक राजधानी के रूप में पहचान बना चुके मेरठ ने कामनवेल्थ गेम्स (CWG) 2026 में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले से जहां तीन एथलीट इस वर्ष कामनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने के लिए चयनित हुए हैं, वहीं एथलेटिक्स की थ्रो स्पर्धाओं में इस्तेमाल होने वाले स्वीकृत उपकरणों में हर तीसरा उपकरण मेरठ की कंपनियों का होगा।
शहर की तीन प्रमुख कंपनियों भल्ला इंटरनेशनल (विनेक्स), नेल्को और आनंद ट्रैक इक्विपमेंट्स (ATE) के उपकरणों को आधिकारिक मान्यता मिली है। इस बार कामनवेल्थ गेम्स 23 जुलाई से दो अगस्त तक स्काटलैंड के शहर ग्लास्गो में होंगे।
कामनवेल्थ गेम्स 2026 की आधिकारिक उपकरण सूची में एथलेटिक्स की शाटपुट, डिस्कस, हैमर और जैवलिन थ्रो स्पर्धाओं के लिए कुल 42 उपकरणों को स्वीकृति दी गई है। इनमें से 14 उपकरण मेरठ की कंपनियों के हैं, जो कुल सूची का 33.33 प्रतिशत हिस्सा बनाते हैं। उद्यमियों के मुताबिक पिछले कामनवेल्थ गेम्स में यह हिस्सेदारी लगभग 20 प्रतिशत थी।
यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेरठ के खेल उद्योग की गुणवत्ता, तकनीकी क्षमता और विश्वसनीयता का प्रमाण मानी जा रही है। सबसे अधिक योगदान भल्ला इंटरनेशनल के विनेक्स उपकरणों का रहा है, जिसके 12 उपकरण सूची में शामिल किए गए हैं। नेल्को और आनंद ट्रैक इक्विपमेंट्स (एटीई) के एक-एक उपकरण को भी आधिकारिक मान्यता मिली है।
भल्ला इंटरनेशनल के निदेशक व एएफआइ उपाध्यक्ष आशुतोष भल्ला के मुताबिक पिछले कामनवेल्थ गेम्स के मुकाबले इस बार हमारे खेल उपकरण की हिस्सेदारी बढ़ी है।
जापान, स्वीडन, पोलैंड के साथ सूची में अपना शहर
अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में उपकरणों का चयन गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और विश्व एथलेटिक्स प्रमाणन के आधार पर किया जाता है। ऐसे में भारत में सिर्फ मेरठ की कंपनियों के उत्पादों का चयन शहर के खेल उद्योग के लिए बड़ी उपलब्धि है। मेरठ की कंपनियों ने इस सूची में जापान की निशी, स्वीडन की नार्डिक, पोलैंड की पोलाणिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ जगह बनाई है।
खबरें और भी
ये उपकरण होंगे मेरठ के
पुरुषों की शाटपुट स्पर्धा के लिए विनेक्स अलाय, महिलाओं की चार किलो शाटपुट स्पर्धा के लिए विनेक्स सुपर, पुरुषों के दो किलो व महिलाओं की एक किलो डिस्कस थ्रो वर्ग में विनेक्स कार्बन प्रो और विनेक्स हाइपर स्पिन, पुरुषों के 1.5 किलो डिस्कस वर्ग में नेल्को का ओलंपिया सुपरस्पिन और एटीई का स्लो स्पिन, हैमर थ्रो में पुरुष वर्ग के लिए विनेक्स सुपर-200 और महिला वर्ग के लिए विनेक्स सुपर-200 एफ है। जैवलिन थ्रो पुरुषों के 800 ग्राम वर्ग में विनेक्स कंपटीशन 80 मीटर और 90 मीटर शामिल हैं, जबकि महिलाओं के 600 ग्राम वर्ग में 70 मीटर और 80 मीटर को मिली है।
तथ्य एक नजर में
कुल स्वीकृत थ्रो उपकरण: 42
मेरठ निर्मित उपकरण: 14
हिस्सेदारी: 33.33 प्रतिशत
भल्ला इंटरनेशनल (विनेक्स): 12 उपकरण
नेल्को: एक उपकरण
आनंद ट्रैक इक्विपमेंट्स (एटीई): एक उपकरण ।