विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NCERT: छात्रों का इंतजार खत्म, मैथ को दैनिक जीवन से जोड़कर समझने पर जोर देने वाली कक्षा 9 की ‘गणित मंजरी’ भाग-2 उपलब्ध

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 22 Sep 2026 12:19 PM (IST)

एनसीईआरटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौवीं की संशोधित गणित पाठ्यपुस्तक 'गणित मंजरी' भाग-2 उपलब्ध करा दी है, ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. कक्षा नौवीं की 'गणित मंजरी' भाग-2 पुस्तक उपलब्ध।

  2. एनईपी 2020 और एनसीएफ-एसई 2023 के अनुरूप तैयार।

जागरण संवाददाता, मेरठ। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौवीं की संशोधित गणित पाठ्यपुस्तक ‘गणित मंजरी’ भाग-2 उपलब्ध करा दी है। सोमवार से पुस्तक की बिक्री शुरू होने के साथ ही कक्षा नौवीं गणित की संशोधित पाठ्यपुस्तक का पूरा संसाधन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उपलब्ध हो गया है। पुस्तक का भाग-1 पहले ही जारी किया जा चुका है।

नई पुस्तक को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-स्कूली शिक्षा (एनसीएफ-एसई) 2023 के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें गणितीय अवधारणाओं को केवल सूत्र और प्रक्रियाओं के माध्यम से समझाने के बजाय विद्यार्थियों की अवधारणात्मक समझ, तार्किक क्षमता, समस्या-समाधान कौशल और वास्तविक जीवन से जुड़ाव पर जोर दिया गया है।

रटने के बजाय समझ पर जोर

संशोधित पाठ्यपुस्तक में विद्यार्थियों को गणितीय तर्क विकसित करने, प्रश्नों को समझने और किसी समस्या के समाधान के विभिन्न तरीकों पर विचार करने के अवसर दिए गए हैं। साथ ही, गणितीय अवधारणाओं को व्यावहारिक परिस्थितियों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इससे विद्यार्थियों में गणित को केवल परीक्षा का विषय मानने के बजाय उसे दैनिक जीवन से जोड़कर समझने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया है।

शिक्षकों को भी बदलनी होगी शिक्षण योजना

भाग-2 के जारी होने के बाद विद्यालयों में गणित के शिक्षण की योजना को संशोधित पुस्तक के अनुरूप व्यवस्थित करना होगा। शिक्षकों को भाग-1 और भाग-2 के अध्यायों का अध्ययन कर अध्याय-क्रम, वार्षिक शिक्षण योजना और कक्षा-कक्षीय गतिविधियों को नए पाठ्यक्रम के अनुसार तैयार करना होगा। गतिविधि आधारित और अवधारणा केंद्रित शिक्षण पर भी अधिक ध्यान देना होगा।

अधिकृत केंद्रों पर बिक्री शुरू

एनसी के अनुसार ‘गणित मंजरी-भाग 2’ की बिक्री शुरू हो गई है। विद्यार्थी और विद्यालय पुस्तक को एनसीईआरटी के अधिकृत बिक्री केंद्रों, एनसीईआरटी की वेबसाइट और अमेजन के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

भाग-2 का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों और शिक्षकों को इसके उपलब्ध होने से राहत मिलेगी। अब कक्षा नौवीं में संशोधित गणित पाठ्यक्रम को दोनों भागों के माध्यम से अधिक व्यवस्थित तरीके से पढ़ाया जा सकेगा।
वीके मिश्रा, प्रधानाचार्य, दीवान पब्लिक स्कूल, मेरठ