भुवनेश्वर ने 'वोबली सीम' से IPL में बल्लेबाजों को किया पस्त, इस गेंदबाजी के मुरीद हुए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर ने भुवनेश्वर कुमार की 'वोबली सीम' गेंदबाजी की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो में समझाया है कि कैसे इस नई तकनीक ने बल्ले ...और पढ़ें

HighLights
सचिन तेंदुलकर ने भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी की प्रशंसा की।
मास्टर ब्लास्टर बोले- भुवनेश्ववर की गेंदबाजी कर रही बल्लेबाजों को भ्रमित।
जागरण संवाददाता, मेरठ। आईपीएल के इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए मेरठ के भुवनेश्वर कुमार ने अपनी धारदार गेंदबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी 'भुवी' के इस बेहतरीन प्रदर्शन से खासे प्रभावित हैं।
उन्होंने आपीएल 2026 में 28 विकेट लेने वाले भुवनेश्वर की गेंदबाजी शैली का तकनीकी विश्लेषण करते हुए यह समझाया है कि आखिर इस साल उनकी सफलता के पीछे क्या रहस्य छिपा है। सचिन तेंदुलकर के अनुसार, पिछले सीजन तक भुवनेश्वर कुमार अपनी लंबी और शानदार आउटस्विंग और इनस्विंग के लिए जाने जाते थे।
मास्टर ब्लास्टर ने बताया कि जब कोई गेंदबाज पारंपरिक स्विंग का प्रयास करता है, तो आउटस्विंग के लिए गेंद की सीम पहली या दूसरी स्लिप की ओर इशारा करती है, जबकि इनस्विंग के लिए यह राइट-हैंडर बल्लेबाज के लेग स्लिप की ओर होती है। इस प्रक्रिया में गेंदबाज की कलाई की स्थिति भी साफ तौर पर बदल जाती है, जिसे बल्लेबाज आसानी से पढ़ लेते हैं।
सचिन ने गौर किया कि इस सीजन में भुवनेश्वर ने एक नई कला विकसित की है। उन्होंने जानबूझकर अपनी गेंदबाजी को जितना संभव हो सके 'सीधा' रखने का फैसला किया है। अब उनकी सीम एक दिशा में होने के बजाय 'वोबली' (डगमगाती या लहराती हुई) आ रही है।
खबरें और भी
सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए सचिन इस नई तकनीक की तारीफ करते हुए बताते हैं कि जब गेंद 'वोबली सीम' के साथ आती है, तो बल्लेबाजों के लिए यह अनुमान लगाना बेहद मुश्किल हो जाता है कि टप्पा खाने के बाद गेंद बाहर जाएगी, अंदर आएगी या फिर बिल्कुल सीधी रहेगी। क्योंकि कलाई से मिलने वाला सिग्नल अब कम हो गया है, इसलिए बल्लेबाज गेंद की दिशा को जल्दी भांप नहीं पाते।
सचिन तेंदुलकर भुवनेश्वर की इस रणनीतिक समझ और सटीकता से बेहद खुश हैं। उनका मानना है कि भुवी ने इस सीजन शानदार एक्यूरेसी के साथ गेंदबाजी की है। वे लगातार आफ स्टंप या अधिकतम चौथे स्टंप की बेहद कसी हुई लाइन पर गेंद डाल रहे हैं, जहां से उनकी वोबली सीम अपना जादू दिखाती है।
सचिन के शब्दों में भुवनेश्वर के लिए गहरी प्रशंसा झलकती है। उन्होंने इस नए बदलाव को ही भुवी का 'सक्सेस मंत्र' करार दिया है। सचिन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे इस सीजन 'बेहद शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और अंत में 'वेल डन भुवी' कहकर उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को सलाम किया।