विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संगीत सोम ने अखिलेश यादव, ओवैसी और राहुल गांधी को घेरा, सहारनपुर ध्वस्तीकरण को बताया वैध कार्रवाई

By Shubham Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 06 Sep 2026 03:27 PM (IST)

भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने सहारनपुर में अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण पर विपक्षी नेताओं को घेरा, इसे न्यायालय के ...और पढ़ें

भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम। वीडियो ग्रैब

भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. सहारनपुर में अवैध निर्माण पर हुई कार्रवाई, मस्जिद नहीं।

  2. ध्वस्त निर्माण के नीचे पाया गया 400 साल पुराना कुआं।

  3. अखिलेश, ओवैसी, राहुल पर माहौल खराब करने का आरोप।

जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम का रविवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने सहारनपुर में अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण को लेकर विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर में किसी मस्जिद को ध्वस्त नहीं किया गया, बल्कि अवैध जमीन पर बने अवैध निर्माण के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने बताया कि ध्वस्त किए गए निर्माण के नीचे करीब 400 साल पुराना कुआं मिला है। ओवैसी के बयान पर उन्होंने सवाल किया कि 1911 में सहारनपुर में बिजली नहीं थी, फिर बिल कहां से आ गया।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में भाजपा पूर्व विधायक संगीत सोम बोले कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों इस बात की होड़ लगी है कि मुसलमानों का नेतृत्व कौन करता है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव या असदुद्दीन ओवैसी। उन्होंने तीनों नेताओं पर प्रदेश का माहौल खराब करने और दंगे की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अवैध निर्माण को छोड़ा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई किसी समुदाय विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि भूमाफिया और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ है। उन्होंने विपक्ष पर मुसलमानों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से उन्हें अवैध कब्जे और निर्माण के नाम पर गुमराह किया गया। संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर से दंगा कराने की कोशिश कर रहे हैं।

साथ ही राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ओवैसी पर मिलकर प्रदेश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रहते प्रदेश में किसी भी कीमत पर दंगा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जाएगा। पूर्व विधायक ने अखिलेश यादव की संपत्ति और आय के स्रोत को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को लंबे समय तक भ्रमित किया गया, लेकिन अब लोग सब समझ चुके हैं और इन नेताओं को सत्ता से बाहर रखने का मन बना चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुसलमानों की तीन बर्बादी अखिलेश, ओवैसी और राहुल गांधी हैं। आरोप लगाया कि इन नेताओं की राजनीति से मुस्लिम समाज का नुकसान हुआ है और वे प्रदेश में शांति व्यवस्था नहीं चाहते। उन्होंने सहारनपुर में मिले 400 वर्ष पुराने कुएं का उल्लेख करते हुए विपक्षी नेताओं से सवाल किया कि यदि निर्माण वैध था तो उसके नीचे इतना पुराना कुआं कैसे मिला। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार हुई कार्रवाई को किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ कार्रवाई बताना गलत है।