मृतकों को देना होगा 'टैक्स', पंचायती भूमि पर मिला 'मालिकाना हक'... नगर पालिका जारी कर रही नोटिस
सरधना के मोहल्ला खेवान के निवासियों ने स्वकर निर्धारण प्रणाली-2024 में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की है। उनका आरोप है कि सर्वे में मकानों का क्षेत्रफ ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
मुहल्ला खेवान के लोगों ने की शिकायत, कर निर्धारण को दोबारा सर्वे कराने की मांग
आरोप: कुछ मकानों का क्षेत्रफल कम दर्ज किया गया, इससे भारी त्रुटियां सामने आईं
संवाद सूत्र, जागरण. सरधना (मेरठ)। नगर पालिका परिषद सरधना के वार्ड-1 स्थित मुहल्ला खेवान के निवासियों ने स्वकर निर्धारण प्रणाली-2024 में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। शनिवार को मुहल्ले के लोगों ने अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला से शिकायत कर दोबारा सर्वे कराने की मांग की।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि स्वकर सर्वे के दौरान तैनात टीम ने लापरवाही बरती। कई मकानों का क्षेत्रफल वास्तविकता से अधिक दर्शा दिया गया, जबकि कुछ मकानों का क्षेत्रफल कम दर्ज किया गया है। इससे कर निर्धारण में भारी त्रुटियां सामने आई हैं। आरोप है कि कई मकान स्वामियों के नाम भी गलत दर्ज कर दिए गए। जिसके चलते गलत व्यक्तियों को कर जमा करने के नोटिस जारी हो रहे हैं और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।
शिकायत में बताया कि कुछ मामलों में ऐसे व्यक्तियों के नाम भी कर निर्धारण में दर्ज कर दिए गए हैं, जिनकी 60 से 70 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा मकान संख्या 79 पंचायती भूमि तथा मकान संख्या 80 और 152 जो पंचायती कुओं की भूमि है। इन भूमि को मौके पर समतल दर्शाकर तीनों भूमि नगर पालिका परिषद सरधना के नाम दर्ज दिखाई गई हैं। जो तथ्यात्मक रूप से गलत है। लोगों ने निष्पक्ष और त्रुटिरहित दोबारा सर्वे कराकर स्वकर निर्धारण प्रणाली में सुधार करने की मांग की है।
शिकायत करने वालों में जनेश्वर दयाल, वासु, प्रदीप, मनोज, लोकेंद्र कुमार, सुशील, राकेश, अमरपाल शामिल रहे। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने शिकायतों की गहनता से जांच कराकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।