'मुझे इच्छा मृत्यु की अनुमति चाहिए साहब'! ADG से मिले शामली के सभासद व BJP जिला मंत्री; पालिका चेयरमैन पर लगाए गंभीर आरोप
Meerut News: शामली नगर पालिका के सभासद ने एडीजी भानु भास्कर से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। उन्होंने शहर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शामली पुलिस पर लगाया चेयरमैन को संरक्षण देने व कार्रवाई न करने का आरोप।
जानलेवा हमले की रिपोर्ट शामली के अलावा किसी अन्य जनपद से कराने की मांग।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शामली नगर पालिका के सभासद अनिल कुमार उपाध्याय ने मंगलवार को एडीजी भानु भास्कर से मिलकर इच्छा मृत्यु मांगी। कहा कि उन पर शहर कोतवाली परिसर में योजना बनाकर जानलेवा हमला किया गया। आरोपितों ने मारपीट की वीडियो बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर उन्हें अपमानित कर रहे हैं।
शहर कोतवाली पुलिस ने नामजद रिपोर्ट से आरोपित चेयरमैन का नाम निकाल दिया और हत्या के प्रयास की धारा समाप्त कर दी है। उन्होंने पूरे मामले की जांच किसी अन्य जनपद से कराने की मांग की।
शामली के दयानंद नगर कालोनी निवासी सभासद अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि वह वार्ड-16 से सभासद व भाजपा के जिला मंत्री हैं। 19 सितंबर को चेयरमैन अरविंद संगल व अन्य व्यक्तियों ने शहर कोतवाली में योजना बनाकर उन पर जानलेवा हमला किया। इसमें उन्हें गंभीर चोट आई। शहर कोतवाली में उसने आरोपितों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना की सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए। आरोप है विवेचक ने आरोपितों से मिलकर चेयरमैन को क्लीन चिट दे दी तथा हत्या के प्रयास की धारा भी हटा दी। सभासद ने आरोप लगाया कि चेयरमैन ने ठेकेदारों से मिलीभगत कर उन्हें पहले कार्यालय में बुलाया और फिर हमला कराया।
पालिका कार्यालय की सारी सीसीटीवी फुटेज डिलीट करा दी गई। उनकी मारपीट से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कराकर अपमानित किया गया। आरोप लगाया कि मामले की जांच कर रही शहर कोतवाली पुलिस आरोपितों को लाभ पहुंचा रहे है। साक्ष्य समाप्त किए जा रहे हैं। उनकी शिकायत पर भी फुटेज व साक्ष्य सुरक्षित नहीं किए जा रहे हैं।
सभासद ने एडीजी को शिकायती पत्र देकर इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की मांग की। इस पूरे मामले की शामली जनपद से बाहर किसी अन्य जनपद से कराने की एडीजी से मांग की एडीजी ने एसपी शामली से पूरे रिपोर्ट तलब की है। पार्षद को भरोसा दिया है कि उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।