विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: मेरठ में 1000 क्विंटल फूलों से सजेगा फूल-बंगला, हरे रामा-हरे कृष्णा की प्रस्तुति देगा राॅक बैंड

By Vinay Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 03 Sep 2026 06:16 AM (IST)

Shri Krishna Janmashtami: मेरठ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें औघड़नाथ मंदिर, इस्कॉन और सर्राफा बाजार के मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर औघड़नाथ मंदिर पर श्रीकृष्ण लीलाओं को प्रदर्शित करती एलईडी पैनल युक्त विद्युत झांकी। जागरण

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर औघड़नाथ मंदिर पर श्रीकृष्ण लीलाओं को प्रदर्शित करती एलईडी पैनल युक्त विद्युत झांकी जागरण

HighLights

  1. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर औघड़नाथ मंदिर में दो दिवसीय आयोजन की भव्य तैयारी

  2.  मंदिर आने वाले मार्गाें पर लगाए गए एलईडी लाइट युक्त प्रवेश द्वार, झांकी भी सजाई

  3. इस्कॉन और सर्राफा बाजार मंदिर में विशेष आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम।

जागरण संवाददाता, मेरठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व चार सितंबर शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसके लिए शहर के मंदिरों में तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रमुख मंदिरों में से एक ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में बांके बिहारी वृंदावन मंदिर की तर्ज पर श्रीराधा गोविंद मंदिर को सजाया जा रहा है।

श्री बाबा औघड़नाथ शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंघल ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन को लेकर भव्य स्तर पर तैयारी की जा रही है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रीराधागोविंद का फूल-बंगला लगभग एक हजार क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा, फूलों की सजावट वृंदावन के कारीगर करेंगे।

श्रीराधा गोविंद की विशेष पोशाक वृंदावन से तैयार कराकर मंगाई गई है। मंदिर आने वाले मार्गों पर एलईडी पैनल युक्त विद्युत झांकी और प्रवेश द्वार स्थापित किए गए हैं। इन लाइटों की झांकी में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को दर्शाया गया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रात 11:30 बजे आरती होगी और 12 बजे पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को सेब व पेड़े का प्रसाद वितरण होगा। पांच सितंबर को सुबह साढ़े दस बजे आरती के बाद श्रीराधाकृष्ण चांदी के झूले पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर नौका विहार की झांकी भी सजाई जा रही है। गंगानगर स्थित अर्द्धनारीश्वर मंदिर में चार और पांच सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

यहां मेला भी लगेगा। नंगला बट्टू में साकेत चौराहे से जेलचुंगी तक मेले का आयोजन होगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला भी प्रस्तुत की जाएगी। सदर शिव मंदिर, हनुमान मंदिर में लाइटों की सजावट की गई है।

वृंदावन का राॅक बैंड, 256 वस्तुओं का भोग, भव्य फूल-बंगला और श्रीकृष्ण का दिव्य झूला

चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस्कान शास्त्रीनगर की ओर से गढ़ रोड स्थित ला फ्लोरा रिसोर्ट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव की तैयारी धूमधाम से की जा रही है। एक दिवसीय आयोजन की तैयारी को लेकर इस्कान मंदिर शास्त्रीनगर में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।

इस्कान मंदिर शास्त्रीनगर के महाप्रबंधक नवीन गौर दास ने बताया कि शुक्रवार को शाम साढ़े छह बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र महाअभिषेक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राॅक बैंड, महाआरती, जप स्टाल, प्रसादम व पाडकास्ट होगा।

महाअभिषेक में तीन जगह अलग-अलग शाम सात बजे से रात 11:30 बजे तक लड्डू गोपाल का अभिषेक होगा। रात 12 बजे श्रीराधाकृष्ण को 11 विभिन्न पदार्थों से रंगीन अभिषेक किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत-संगीत व नृत्य की प्रस्तुति होगी। प्रत्येक प्रस्तुति के बाद 15-15 मिनट का हरिनाम संकीर्तन होगा।

गाजियाबाद इस्कान मंदिर के अध्यक्ष आदिकर्ता दास का मंगल सानिध्य प्राप्त होगा। वृंदावन से राॅक बैंड हरे रामा हरे कृष्णा की प्रस्तुति देगा। भगवान श्रीकृष्ण का भव्य फूल-बंगला, पांच अलग-अलग समूहों द्वारा 256 प्रकार के व्यंजनों का भोग, भगवान का दिव्य झूला व पंचामृत से भगवान का अभिषेक होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमाें में कृष्ण लीला, जन्म लीला, द्वारका-रूक्मणि सत्यभामा प्रसंग समेत अन्य प्रस्तुति दी जाएंगी।

पत्रकार वार्ता में इस्कान मंदिर शास्त्रीनगर के महाप्रबंधक नवीन गौर दास, अंकेश अग्रवाल, अखिलात्मा बलदेव, संजीव सिंघवाल, विपुल सिंघल व अन्य मौजूद रहे। उधर, इस्कान दिल्ली रोड द्वारा बिग बाइट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गुरुवार से दो दिवसीय आयोजन होगा। इसमें बच्चों की विशेष प्रस्तुति दी जाएंगी।

शहर सर्राफा बाजार में श्रीराधाकृष्ण को सुशोभित होंगे सोने के हीरे जड़ित मुकुट

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शहर सर्राफा बाजार मंदिर श्री महादेव जी में दो दिवसीय भव्य आयोजन होगा। गुरुवार को श्री फूलडोल कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक हुई। अध्यक्षता कमेटी के वरिष्ठ व मार्गदर्शक रमेश चंद राठी ने की।

महामंत्री मनोज कुमार सर्राफ ने बताया कि चार सितंबर को विधिवत शुभारंभ कर भगवान श्रीराधाकृष्ण की भव्य झांकी छह सखियों संग सजाई जाएगी। ठाकुर जी, राधा रानी व सखियों की पोशाक वृंदावन से तैयार होकर आएगी। ठाकुर जी व राधा रानी को सोने के मानक, पन्ना, मोती जड़ित आभूषण व सोने के हीरे जड़ित मुकुट पहनाए जाएंगे। लड्डू गोपाल को चांदी के पालने में झुलाया जाएगा।

वृंदावन के कारीगरों द्वारा फूल-बंगला भी सजाया जाएगा। प्रसाद वितरण रात साढे ग्यारह बजे होगा। आठ सितंबर को मंदिर से भगवान श्रीराधाकृष्ण की 113वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। संरक्षक सर्वेश कुमार, अनिल रस्तोगी, मुख्य संयोजक गौरव शारदा, विजय आनंद अग्रवाल, नरेश चंद माहेश्वरी, अशोक कुमार, अनिल वर्मा व अन्य मौजूद रहे।