Delhi-Dehradun Highway पर हरिद्वार जल लेने जा रहे दो कांवड़ियों की हादसे में मौत, एक की हालत गंभीर
मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार जल लेने जा रहे दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फाेटो
HighLights
मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भीषण सड़क हादसा।
हरिद्वार जल लेने जा रहे दो कांवड़ियों की मौत।
एक कांवड़िया गंभीर घायल, कार चालक गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, जानी खुर्द (मेरठ)। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बुधवार सुबह करीब साढे़ तीन बजे एमआइइटी कालेज के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार जल लेने जा रहे दो कांवड़ियों की मौत हो गई। जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित कार चालक को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ले ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के रानी बाग, शाहदरा निवासी 23 वर्षीय गोपाल, 20 वर्षीय अनिल और गणेश बुधवार तड़के बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए निकले थे। सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब उनकी बाइक एमआइइटी कालेज के सामने दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पहुंची। तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सुभारती अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान अनिल ने भी दम तोड़ दिया।
तीसरे घायल गणेश का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने घायलों की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनके स्वजन को घटना की सूचना दी। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
खबरें और भी
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि आरोपित कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हर कदम पर पुलिस, फिर भी व्यवस्था धड़ाम
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों की कई शिफ्टों में ड्यूटी लगी हुई है। जिसके बाद पुलिस कदम-कदम पर तैनात है। लेकिन वाहनों की रफ्तार पर पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। यह हाल तब जबकि एमआइइटी के पास पुलिस पिकेट भी तैनात रहती है। अगर शायद पुलिस वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाती तो शायद यह हादसा नहीं होता।