विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आठ माह पहले मां की हुई मौत, खाने को लेकर चाची ने दिया ताना तो भतीजे ने गोली मारकर कर दिया कत्ल

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 05 Mar 2026 07:23 PM (IST)

Meerut News : हस्तिनापुर के गांव गणेशपुर में एक चौंकाने वाली घटना में भतीजे ने अपनी चाची की गोली मारकर ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पूछताछ करती पुलिस और पूजा त्यागी का फाइल फोटो।

घटनास्थल पर पूछताछ करती पुलिस और पूजा त्यागी का फाइल फोटो।

HighLights

  1. मां की मौत के बाद चाची ही कर रही थी देखभाल।

  2. वारदात के बाद आरोपित ने थाने में किया सरेंडर।

संवाद सूत्र, हस्तिनापुर (मेरठ)। हस्तिनापुर के गणेशपुर में खाने के साथ ताना देने पर चाची की तमंचे से दो गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर करीब 15 किमी दूर मवाना थाने पहुंचकर आरोपित ने तमंचे के संग सरेंडर कर दिया। घटना के बाद दादा राजकुमार त्यागी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हस्तिनापुर के गांव गणेशपुर में राजकुमार त्यागी का परिवार रहता हैं। उनके दो बेटे गणेश त्यागी और धर्मेंद्र त्यागी हैं। गणेश त्यागी सेना में तैनात हैं, हाल में उनकी तैनाती लद्दाख में चल रही है। दो मार्च को ही गणेश ड्यूटी पर गए हैं। गणेश की पत्नी की आठ माह पहले हार्टअटैक से मौत हो गई। उनके दो बेटे हिमांशु और शिवा गांव में ही अपने चाचा धर्मेंद्र के साथ रहते हैं।

धर्मेंद्र गांव में ही खेती करते हैं। धर्मेंद्र की दो साल पहले 32 वर्षीय पूजा त्यागी से शादी हो चुकी है। एक छह माह का बेटा भी है। गणेश की पत्नी की मौत होने के बाद दोनों बेटों की परवरिश उनकी चाची पूजा ही कर रही थी। शिवा ने इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा दी है। गुरुवार की सुबह पूजा को अपने मायके जाना था।

धर्मेंद्र त्यागी मवाना से मिठाई लेने के लिए चले गए। करीब साढ़े आठ बजे शिवा नींद से जागा। पूजा ने शिवा के देरी से जागने और खाना देते समय ताना मार दिया। इसी से क्षुब्ध होकर शिवा घर की अलमारी में रखा तमंचा उठाकर लाया। तभी चाची पूजा के सिर में दो गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर दादा राजकुमार और उसका भाई हिमांशु दौड़े। तब तक पूजा अंतिम सांसे ले रही थी।

परिवार के लोग पूजा को अस्पताल ले जाने लगे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर धर्मेंद्र भी मवाना से घर लौट गए। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद शिवा करीब 15 किमी दूर मवाना थाने पहुंच गया। थाने की मेज पर तमंचा रखकर बोला कि मैने चाची का खून कर दिया। कुछ देर तक को पुलिस को शिवा की इस हरकत पर यकीन नहीं आया। मवाना पुलिस ने हस्तिनापुर पुलिस से संपर्क किया। उसके बाद शिवा को हिरासत में लेकर हस्तिनापुर पुलिस को सौंप दिया गया।


सीओ मवाना ने बताया कि शिवा ने कहा कि आठ माह पहले मम्मी की मौत हो गई। तब से रोजाना खाने के साथ चाची पूजा तानाकसी करती थी। न सोने देती थी न खाने देती थी। दोनों भाईयों को उत्पीड़न किया जा रहा था। पढ़ाई भी समय पर नहीं करने देती थी। दो मार्च को ही मायके से आई थी। गुरुवार को फिर से मायके जा रही थी। उसके बाद भी हर बात पर ताना देती थी। यहां तक कहती थी कि दो जवान बच्चों को उनके ऊपर छोड़कर मां मर गई। चाची की तानाकसी से तंग आकर रिश्ते के चाचा का तमंचा कब्जे में ले लिया था। रिश्ते के चाचा की मौत हो चुकी है। उसी तमंचे से चाची की दो गोली मारकर हत्या कर दी।

गोली मारने के बाद शिवा घर से भाग गया था। गोलियाें की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जब तक खून से लथपथ हालत में पूजा तड़प रही थी। अस्पताल ले जाते समय ही उसने दम तोड़ दिया, जब तक धर्मेंद्र मवाना से घर पहुंचा, तब तक पूजा की मौत हो चुकी थी। छह माह के बेटे के साथ धर्मेंद्र का रो-रो कर बुरा हाल था। उसका कहना था कि शिवा को चाची से इतनी दिक्कत थी, कम से कम एक बार हमे बता देता। शायद हम सबकुछ ठीक कर देते। 

इन्होंने कहा...

परिवारिक कलह के चलते ही शिवा ने चाची की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शिवा को मय तमंचे के गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर 14 दिनों के न्यायिक रिमांड पर जेल भिजवा दिया है। 
अविनाश पांडेय, एसएसपी 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।