Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP के स्पोर्ट्स कॉलेजों में एडमिशन शुरू, होनहार खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर, ऐसे करें आवेदन

    By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 01 May 2026 08:03 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी हो गई है। इच्छुक छात्र 518 सीटों के ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक फोटो

    प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. सत्र 2026-27 के लिए आवेदन व ट्रायल कार्यक्रम जारी

    2. स्पोर्ट्स कालेजों में 518 सीटों पर प्रवेश का मौका।

    3. मेरठ सहित विभिन्न शहरों में होंगे ट्रायल।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश के प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स कालेजों में अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उप्र स्पोर्ट्स कालेजेज सोसाइटी लखनऊ की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के विभिन्न स्पोर्ट्स कालेजों में कक्षा छह, नौ और 11 में प्रवेश के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

    इस वर्ष कुल 518 रिक्त सीटों पर होनहार खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी सरकार के ‘खेलसाथी’ पोर्टल के माध्यम से अपना आनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

    प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट sportscollegelko.in या ‘खेलसाथी’ पोर्टल https://khelsathi.in पर जाकर फार्म भर सकते हैं। आवेदन शुल्क मात्र 200 रुपये आनलाइन ही जमा करना है। इसके लिए कुछ अनिवार्य दस्तावेज भी निर्धारित हैं। आवेदन के समय यूडाचस पोर्टल द्वारा निर्गत अभ्यर्थी का पेन (परमानेंट एजुकेशन नंबर) भरना अनिवार्य है। इसके बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी.

    प्रवेश के लिए आयु सीमा

    प्रवेश के लिए आयु सीमा की गणना एक अप्रैल से होगी

    • कक्षा छह : नौ से 12 वर्ष के बीच के बच्चों को मिलेगा प्रवेश। खिलाड़ी का जन्म एक अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2017 के बीच हो।
    • कक्षा नौ : 12 से 15 वर्ष के बीच के बच्चों को मिलेगा प्रवेश। उनका जन्म एक अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2014 के बीच होनी चाहिए।
    • कक्षा 11 : 15 से 17 वर्ष के बीच जन्में बच्चों को मिलेगा प्रवेश। उनका जन्म एक अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2011 के बीच होना चाहिए।

    यह हैं पांच प्रमुख स्पोर्ट्स कालेज और उनमें उपलब्ध खेल

    • गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ : एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबाल, हाकी और वालीबाल (सभी में बालक)।
    • वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर : वालीबाल, कुश्ती, जिम्नास्टिक (तीनों में बालक-बालिका), बैडमिंटन, हाकी और जूडो (तीनों में बालिका)।
    • मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कालेज सैफई : एथलेटिक्स, क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबाल, हाकी, कुश्ती, कबड्डी और तैराकी (सभी में बालक)।
    • फतेहपुर व सहारनपुर स्पोर्ट्स कालेज : यहां मुख्य रूप से कक्षा नौ के बालकों के लिए एथलेटिक्स, हाकी, बाक्सिंग, जूडो और भारोत्तोलन जैसे खेलों की सुविधा है।

    चयन परीक्षा का शेड्यूल

    स्पोर्ट्स कालेजों में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया दो चरणों प्रारंभिक और मुख्य में होगी। मंडल स्तर पर प्रारंभिक ट्रायल सुबह सात बजे से शुरू होंगे। ट्रायल के बाद होगी मुख्य चयन परीक्षा प्रारंभिक ट्रायल में सफल अभ्यर्थियों का फाइनल टेस्ट तीन से छह जून 2026 के बीच लखनऊ, गोरखपुर और सैफई में होगा। इसमें फिजिकल टेस्ट और स्किल टेस्ट के 50-50 अंक होंगे, जिसके बाद मेडिकल जांच की जाएगी।

    विभिन्न मंडलों में ट्रायल की तिथियां

    विभिन्न मंडलों के इन तिथियों पर होंगे ट्रायल

    • 15-16 मई : देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती, मेरठ, सहारनपुर।
    • 18-19 मई : गोरखपुर, आजमगढ़, मुरादाबाद, बरेली।
    • 21-22 मई : वाराणसी, मिर्जापुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी।
    • 24-25 मई : प्रयागराज, चित्रकूट, लखनऊ व कानपुर।

    हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क

    प्रवेश संबंधी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9230992739 या 9506843789 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा up.khelsathi@gmail.com या admission.sportscollege@gmail.com पर ईमेल भेज सकते हैं.

    खबरें और भी

    • आवेदन के लिए यह हैं प्रमुख योग्यताएं

    • बालक या बालिका अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश का ही रहने वाला हो।
    • कक्षा-छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी सत्र 2025-26 में कक्षा-पांच उत्तीर्ण हो। यदि किसी अभ्यर्थी ने सत्र-2024-25 में कक्षा-पांच उत्तीर्ण किया है और 2025-26 में कहीं शिक्षा ग्रहण नहीं की है, तो वह 10 रुपये के शपथ पत्र पर गैप की अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए आवेदन कर सकता है। यूडाइस पोर्टल पर गैप की स्थिति को स्पष्ट कराने का दायित्व अभिभावक का होगा।
    • कक्षा-नौ में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी सत्र 2025-26 में कक्षा-आठ उत्तीर्ण हो। यदि किसी अभ्यर्थी ने सत्र-2024-25 में कक्षा-आठ उत्तीर्ण किया है और 2025-26 में कहीं शिक्षा ग्रहण नहीं की है, तो वह 10 रुपये के शपथ पत्र पर गैप की अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए आवेदन कर सकता है। यूडाइस पोर्टल पर गैप की स्थिति को स्पष्ट कराने का दायित्व अभिभावक का होगा।
    • कक्षा-11 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी सत्र 2025-26 में कक्षा-10 उत्तीर्ण हो। यदि किसी अभ्यर्थी ने सत्र-2024-25 में कक्षा-10 उत्तीर्ण किया है और 2025-26 में कहीं शिक्षा ग्रहण नहीं की है, तो वह 10 रुपये के शपथ पत्र पर गैप की अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए आवेदन कर सकता है। यूडाइस पोर्टल पर गैप की स्थिति को स्पष्ट कराने का दायित्व अभिभावक का होगा।
    • अभ्यर्थी के शैक्षिक रिकार्ड का परीक्षण यूडाइस प्लस पोर्टल पर उसके आधार से लिंक्ड पेन नंबर के आधार पर किया जायेगा.