कुख्यात विक्की त्यागी के बेटे समेत दो बदमाश मुठभेड़ में घायल, मध्य प्रदेश से अवैध हथियार तस्करी का चला रहे थे नेटवर्क
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का राजफाश किया है। मुठभेड़ में कुख्यात विक्की त्या ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में विक्की त्यागी का पुत्र रक्षित (बाएं से दूसरा) और उसका साथी। उनसे बरामद बिना नंबर प्लेट की कार।
HighLights
मुजफ्फरनगर में हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़।
हथियार सहित बिना नंबर प्लेट की टाटा नेक्सन कार बरामद।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। इंदौर से हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पुलिस ने राजफाश किया है। कुख्यात विक्की त्यागी का पुत्र समेत दो बदमाश मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों के कब्जे से चार पिस्टल, दो तमंचे सहित बिना नंबर प्लेट की टाटा नेक्सन गाड़ी बरामद हुई है।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि सिविल लाइंस प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ संधावली अंडरपास के निकट चेकिंग कर रहे थे, तभी बाईपास हाईवे की तरफ से एक कार आती दिखाई दी। जिसे रूकने का इशारा किया गया तो चालक ने तेज गति कर दी।
पुलिस के पीछा करने पर कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। दो युवक कार से कूदकर खेतों की तरफ भाग निकले। पुलिस की जवाबी फायरिंग बदमाश रक्षित त्यागी उर्फ दक्ष पुत्र विक्रांत त्यागी उर्फ विक्की त्यागी तथा उसका साथी ऋतिक त्यागी उर्फ गोलू पुत्र स्व. दिनेश त्यागी घायल हो गए।
पकड़ा गया बदमाश रक्षित त्यागी कुख्यात विक्की त्यागी का पुत्र है। दोनों के कब्जे से पुलिस ने चार पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, 02 तमंचे कारतूस तथा एक टाटा नेक्सान बरामद की है। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपित मध्य प्रदेश के इंदौर से अवैध रूप से हथियार खरीदकर लाते हैं, जिनके बलबूते तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे।
खबरें और भी
युवती का अपहरण करने वाले आरोपितों पर मुकदमा
मीरापुर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने व्यक्ति ने दर्ज मुकदमे में बताया कि गत 27 फरवरी की सुबह वह मजदूरी पर गया था और उसकी पत्नी किसी काम से पड़ोस में गई थी। उसकी 25 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान नवेंद्र उसके घर पहुंचा और उसकी पुत्री का बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया।
पीडित ने नवेंद्र, उसके भाई आशुतोष तथा गाजियाबाद निवासी रिश्तेदार भूपेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश जारी है।