विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Flood in Mirzapur : चुनार में गंगा की बाढ़ में सड़क पर तैरने लगी कार, महिला शिक्षक की बचाई जान

Published: Mon, 04 Aug 2025 12:18 PM (IST)Updated: Mon, 04 Aug 2025 12:30 PM (IST)

Flood in Ganga चुनार में भारी बारिश और गंगा के उफान से बालूघाट में सड़कों पर पानी भर गया। एक ...और पढ़ें

मीरजापुर के चुनार में गंगा में बाढ़ से सड़कों पर आफत आ गई है।
मीरजापुर के चुनार में गंगा में बाढ़ से सड़कों पर आफत आ गई है।

जागरण संवाददाता चुनार, (मीरजापुर)। भारी बारिश और गंगा के उफान से चुनार क्षेत्र के बालूघाट की सड़कों पर पानी इस कदर भर गया कि सोमवार की सुबह एक कार बीच सड़क पर फंस गई और तैरने लगी। कार में वाराणसी के अखरी से सोनभद्र के घोरावल जा रही एक महिला शिक्षक और चालक सवार थे।

यह भी पढ़ें : काशी की गलियों-सड़कों पर खतरा ब‍िंंदु पार कर बहने लगीं गंगा, राहत शिविरों में पहुंचे साढ़े पांच हजार लोग

घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने जब कार का संतुलन बिगड़ते देखा तो स्थानीय युवा आशीष बिंद, संजय बिंद, आकाश चौरसिया व घाट किनारे रहने वाले किशोरों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार की ओर दौड़ लगाई। बिना देर किए युवाओं व किशोरों ने कार को धक्का देकर किनारे पहुंचाया और चालक और महिला शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी ने मिलकर कार को धक्का देकर पानी से बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

घटना से स्तब्ध महिला शिक्षक भावुक हो गईं और रोते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने मौके पर ही इन जांबाज किशोरों और युवाओं को पुरस्कार स्वरूप नकद राशि दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार सड़क की जगह गंगा की ओर मुड़ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते युवाओं और किशोरों की सतर्कता और बहादुरी ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।

यह भी पढ़ें : काशी में सावन माह के अंतिम सोमवार को बाबा विश्वनाथ का रुद्राक्ष शृंगार, बम - बम हुई काशी

चुनार में नाव से हो रहा आवागमन, जनजीवन अस्त-व्यस्त

गंगा के बढ़ते जलस्तर ने सोमवार को चुनार नगर में हालात बेकाबू कर दिए। नगर की सड़कों पर अब नाव चल रही है और जगह-जगह पानी भर जाने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भारत पेट्रोलियम का पेट्रोल पंप, बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के आसपास का इलाका पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। बाजारों में सन्नाटा पसरा है और कई दुकानों के शटर लगातार दूसरे दिन भी नहीं खुले।

नगर में आवागमन के लिए अब मात्र एक रास्ता शेष बचा है

रामघाट से मेन मार्केट होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला मार्ग ही लोगों का सहारा बना हुआ है। बाकी सभी संपर्क मार्ग या तो जलमग्न हो चुके हैं या पूरी तरह बाधित हैं। बाढ़ का पानी अब चुनार के नागरपुर, भरपुर, लोअर लाइंस और काजिया जैसे इलाकों में भी घुस चुका है। संत थामस स्कूल और सविता मेमोरियल स्कूल परिसर में भी पानी भर जाने से शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं। प्रशासन का दावा है कि राहत व बचाव कार्य लगातार जारी हैं और संवेदनशील स्थानों पर टीमें तैनात की गई हैं। बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को लखनऊ से लेकर गाजीपुर पहुंची पुलिस, कोर्ट में किया पेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।