यूपी-राजस्थान समेत 4 राज्यों के बीच चलेंगी 2 नई ट्रेनें, 26 अक्टूबर को होगा शुभारंभ
भारतीय रेलवे 26 अक्टूबर को सांतरागाछी-खातीपुरा और टाटानगर-खातीपुरा दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू कर रहा है, जिनका ठहराव मीरजापुर स्टेशन पर होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
26 अक्टूबर को दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू होंगी।
सांतरागाछी-खातीपुरा और टाटानगर-खातीपुरा ट्रेनें मीरजापुर रुकेंगी।
यूपी, राजस्थान सहित चार राज्यों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। भारतीय रेलवे की ओर से सांतरागाछी-खातीपुरा तथा टाटानगर-खातीपुरा नई एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ 26 अक्टूबर को किया जाएगा। दोनों ट्रेनों का ठहराव मीरजापुर स्टेशन पर होगा। इन ट्रेनों के संचालन से पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान प्रांत के बीच आवागमन और अधिक सुदृढ़ होगा।
साथ ही व्यापार, पर्यटन एवं सामाजिक-सांस्कृतिक को भी नई गति प्रदान करेगी। यह जानकारी उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि सांतरागाछी-खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस (08061) का उद्घाटन विशेष ट्रेन के रूप में सांतरागाछी से सोमवार को होगा। इसी तरह टाटानगर-खातीपुरा विशेष एक्सप्रेस (08181) ट्रेन का भी टाटानगर से उसी दिन शुभारंभ किया जाएगा।
जिगना स्टेशन पर तीन ट्रेनों का नौ दिनों तक नहीं होगा ठहराव
मीरजापुर उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के तहत प्रयागराज-पं.दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन खंड पर जिगना और गैपुरा स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन के लिए यार्ड रीमाडलिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके कारण जिगना स्टेशन पर नौ दिनों तक तीन ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा।
इस संबंध में एनसीआर के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि 28 अक्टूबर से पांच नवंबर तक जिगना स्टेशन पर पं. दीन दयाल उपा. जं.-सूबेदारगंज मेमू (64595) का ठहराव नहीं होगा। इसी तरह पं. दीन दयाल उपा. जं.-सूबेदारगंज मेमू (63237) और चुनार-प्रयागराज एक्सप्रेस (13309) ट्रेन का अस्थायी रूप से स्थगित रहेगा।
