मीरजापुर में अब कूड़ा फैलाने वालों पर शिकंजा कसेगा 'स्पेशल सेल', नहीं मानने पर कटेगा बिजली-पानी कनेक्शन
मीरजापुर नगर पालिका परिषद शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एक 'स्पेशल सेल' का गठन करेगी, जो कचरा प्रबंधन की निगरानी करेगा। खुले में कूड़ा फेंकने या स्वच्छता ...और पढ़ें

अब कूड़ा फैलाने वालों पर शिकंजा कसेगा 'स्पेशल सेल'। AI जेनरेटेड फोटो
HighLights
नगर पालिका मीरजापुर बनाएगी 'स्पेशल सेल' स्वच्छता निगरानी हेतु।
खुले में कूड़ा फेंकने पर कटेगा बिजली-पानी कनेक्शन।
धार्मिक स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों पर विशेष सफाई फोकस।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। शहर को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका परिषद अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत नगर पालिका परिषद मीरजापुर एक स्पेशल सेल का गठन करेगा, जो घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी करेगा।
खुले में कूड़ा फेंकने या स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले बड़े कचरा उत्पादकों पर कड़ी कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर उनके जल और विद्युत कनेक्शन तक बंद कराए जाएंगे।
शासन का निर्देश है कि स्वच्छता से जुड़ी सभी योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए। इसके तहत घर-घर कचरा संग्रहण को और प्रभावी बनाया जाएगा, चार स्तर पर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित होगा तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विशेष फोकस रहेगा।
विंध्याचल धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर प्रतिदिन दो बार सफाई कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। वहीं, नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1533 का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- चंदौली में परिषदीय विद्यालयों के लिए नई व्यवस्था, 'निपुण एप' से हर सप्ताह होगा बच्चों की दक्षता का मूल्यांकन
इसके अलावा शासन ने कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, कंपोस्टिंग प्लांट, मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं और लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैले और कहीं भी खुले में कचरा न जलाया जाए।
शासन के निर्देशों के अनुरूप नगर पालिका स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के सभी मानकों को समयबद्ध तरीके से लागू करेगी। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए स्पेशल सेल गठित किया जाएगा, जो नियमित निगरानी करेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील है कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और शहर को स्वच्छ रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। -जी लाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, मीरजापुर।