मीरजापुर में हैंडपंप को बीच सड़क पर ही छोड़कर बना दी गई सडक, वीडियाे प्रसारित होने पर हटाया गया
मीरजापुर के कंतित में सड़क चौड़ीकरण के दौरान एक हैंडपंप को बीच सड़क पर ही छोड़कर निर्माण कर दिया गया। नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से य ...और पढ़ें
HighLights
हैंडपंप को बीच सड़क पर छोड़कर सड़क बनाई गई।
नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग की लापरवाही उजागर हुई।
वीडियो वायरल होने पर तत्काल हैंडपंप हटाया गया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विंध्याचल के कंतित में सड़क के बीच में माैजूद हैंडपंप को हटाए बिना ही सड़क का निर्माण कर दिया गया। यह देखकर सभी हैरान हो गए। कहा गया कि यह दुर्घटना का सबब बन सकता है। नगर पालिका व लोक निर्माण विभाग की लापरवाही देखकर लोगों ने इसका वीडियाे बनाकर बुधवार की सुबह इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इसकी खबर लगते ही तत्काल लोक निर्माण विभाग ने हैंडपंप को वहां से निकलवा दिया।
मीरजापुर- विंध्याचल मार्ग पर कंतित के पास सड़क किनारे एक हैंडपंप है। जो पहले सड़क किनारे था। इसी बीच दूधनाथ तिराहे से लेकर बरतर तिराहे के सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। डेढ़-डेढ़ मीटर सड़क चौड़ी होने से हैंडपंप बीच सड़क पर आ गया। जिसको हटाने के लिए नगर पालिका को बोला गया था, लेकिन उसने हैंडपंप नहीं हटवाया।
इसी बीच 17 मार्च को मुख्यमंंत्री याेगी आदित्यनाथ का आगमन विंध्याचल में हो गया। जिसको देखते हुए रात में ही सड़क बना दी गई। सुबह जब लोगों सड़क के बीच हैंडपंप देखा तो दुर्घटना होने की आशंका में उसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इसकी जानकारी पर तत्काल लोक निर्माण विभाग ने कर्मचारियाें को भेजकर हैंडपंप हटवाया।
विंध्याचल के कंतित के पास सड़क किनारे एक हैंडपंप लगाया गया था। सड़क चौड़ीकरण का कार्य होने पर वह बीच में आ गया। नगर पालिका से हैंडपंप को हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने नहीं हटवाया। जिससे सड़क बना दी गई। बुधवार को हैंडपंप को हटवा दिया गया है।
प्रवीण चौहान ,अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग ।