विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'जो हमें छेड़ेगा उसे छोड़ेंगे नहीं पाताल से निकालकर मारेंगे', सीएम योगी का इंडी गठबंधन पर जोरदार हमला

Published: Wed, 29 May 2024 07:57 AM (IST)

योगी आदित्यनाथ ने इंडी गठबंधन पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर का ...और पढ़ें

'जो हमें छेड़ेगा उसे छोड़ेंगे नहीं पाताल से निकालकर मारेंगे', सीएम योगी का इंडी पर जोरदार हमला
'जो हमें छेड़ेगा उसे छोड़ेंगे नहीं पाताल से निकालकर मारेंगे', सीएम योगी का इंडी पर जोरदार हमला

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इंडी गठबंधन पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर का सर्वाधिक अपमान किया है। ये लोग सत्ता में आकर देश में तालिबान और शरिया कानून को बढ़ावा देना चाहते हैं।

एससी, एसटी, ओबीसी के आरक्षण को मुसलमानों में बांटना चाहते हैं। आरक्षण में मुस्लिमों की हिस्सेदारी के बंगाल सरकार के निर्णय को कलकत्ता हाई कोर्ट ने गलत बताया है। कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया है। बाबा साहेब ने कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होना चाहिए।

सपा ने पीएसी की 54 कंपनियां की थी समाप्त: सीएम योगी

सपा सरकार ने तो उत्तर प्रदेश में पीएसी की 54 कंपनियां समाप्त कर दी थीं। भाजपा आई तो सभी कंपनियों को बहाल किया। अब देश में कहीं भी दंगा होता है तो दंगाइयों की ठुकाई करने के लिए उत्तर प्रदेश पीएसी के जवानों को बुलाया जाता है। जब दंगा शांत हो जाता है तो जनता कहती है, दंगाइयों को ठीक करने के लिए योगी जी थोड़ा बुलडोजर भी भेज देते।

मीरजापुर के बिसहड़ा में लोगों को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, कांग्रेस की सरकार होती थी तो सुबह अखबार में घोटाले और शाम को आतंकी घटनाओं की खबरें पढ़ते थे। आज पटाखा जोर से फट जाए तो पाकिस्तान को सफाई देनी पड़ती है। जो हमें छेड़ेगा, उसे छोड़ेंगे नहीं। पाताल से निकालकर मारेंगे। यह नया हिंदुस्तान है। भारत में 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है और पाकिस्तान में लोग भूखे मर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा है कि 70 वर्ष से ऊपर के लोगों को हर साल पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। योगी ने जनता से सवाल किया कि क्या कांग्रेस और सपा के लोग अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराते? आज रामलला विराजमान हो गए।

पीएम मोदी ने अयोध्या में बने एयरपोर्ट का नामकरण महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया। मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वाले आज माफिया की मौत पर मातम मना रहे हैं। भगवान राम ने जिस प्रकार दुष्ट राक्षसों को खत्म किया, उसी प्रकार प्रदेश में माफिया का राम नाम सत्य कर दिया गया है।

इसे भी पढ़ें: वंदे भारत एक्सप्रेस में मेडिकल की छात्रा से टीटीई ने की छेड़खानी, GRP दर्ज ने दर्ज किया केस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।