मुरादाबाद में ई-रिक्शा चालक की हत्या में सौतेले बेटे समेत तीन गिरफ्तार, दूसरी पत्नी फरार
मझोला में ई-रिक्शा चालक बबलू सैनी की दूसरी पत्नी और सौतेले बेटों की पिटाई से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बबलू के दो सौतेले बेटों रितिक, अंकित ...और पढ़ें

HighLights
ई-रिक्शा चालक की पिटाई से मौत हुई थी।
सौतेले बेटों और साथी को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी पत्नी रीना अभी भी फरार है।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मझोला में दूसरी पत्नी और सौतेले बेटों की पिटाई से घायल ई-रिक्शा चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में भाई की तहरीर पर पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की दूसरी पत्नी, दो सौतेले बेटे समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में रविवार को पुलिस ने दोनों सौतेले बेटे समेत तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मझोला के भोला सिंह की मिलक निवासी बुद्धा सैनी ने दो मार्च को अपने भाई से मारपीट और गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था। बुद्धा सैनी के अनुसार, उसका छोटा भाई 40 वर्षीय बबलू सैनी ई-रिक्शा चलाता था। कोरोना के समय उसकी पत्नी संतोष की मौत हो गई थी। उसके दो बच्चे बेटा कृष्णा और बेटी आकांक्षा है। उनकी देखरेख के लिए बबलू सैनी ने भोला सिंह की मिलक में ही रहने वाली डिलारी निवासी रीना से दूसरी शादी कर ली थी।
रीना अपने साथ पहले पति के दो बेटों रितिक और अंकित को साथ लेकर आइ थी। बुद्धा सैनी ने आरोप लगाया था कि रीना और उसके दोनों बेटे आए दिन बबलू से पैसों की मांग करते थे। रुपये न देने पर झगड़ा करते थे। 22 फरवरी की दोपहर करीब तीन बजे आरोपित रीना, उसके दोनों बेटे रीतिक व अंकित और कांशीराम नगर में रहने वाला साथी विनीत कुमार ने बबलू सैनी के साथ कांशीरामनगर सी ब्लाक में शराब की दुकान के पास बबलू सैनी को घेर कर उसे लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा।
उसे घायल करने के बाद आरोपित वहां से भाग गए थे। जिसके बाद बबलू सैनी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दो मार्च को उसकी मौत हो गई।
सीओ कुलदीप गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद से पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी। रविवार को मझोला इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने नामजद आरोपित रीतिक, अंकित व विनीत को गिरफ्तार कर रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। बबलू सैनी की दूसरी पत्नी रीना की तलाश की जा रही है।