मुरादाबाद: महिला VDO से अभद्रता व धमकी में भाजपा समर्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय वीर समेत 4 पर FIR
मुरादाबाद में एक महिला ग्राम विकास अधिकारी की शिकायत पर भाजपा समर्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय वीर यादव समेत ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
निलंबित कराने, मुकदमे में फंसाने, झूठी शिकायत कराने की धमकी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। विकासखंड मूंढापांडे में तैनात महिला ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा समर्थित निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य अजय वीर यादव समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ली है। वीडीओ ने कार्यालय में अभद्रता और छेड़छाड़, शासकीय कार्य में बाधा, धमकी, अभिलेखों से छेड़छाड़ और नियम विरुद्ध काम के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
वीडीओ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि वह ग्राम पंचायत क्लस्टर अक्का डिलारी और दलपतपुर में ग्राम विकास अधिकारी व पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत के मुताबिक चार अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह दलपतपुर स्थित कार्यालय में सरकारी काम कर रही थीं।
इसी दौरान डिलरा रायपुर निवासी जिला पंचायत सदस्य अजय वीर यादव कार्यालय पहुंचे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अजय वीर यादव ने उनके साथ तू-तड़ाक से बात की और पास में कुर्सी डालकर बैठ गए। वीडीओ ने अश्लील इशारे करने और गलत नीयत से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
विरोध करने पर नौकरी से निलंबित कराने, झूठे मुकदमे में फंसाने, झूठी शिकायत कराने और जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है। वीडीओ के अनुसार, अभद्र व्यवहार के दौरान कार्यालय के अभिलेखों और प्रपत्रों को मोड़ने-तोड़ने तथा फाड़ने का प्रयास किया गया। इससे शासकीय कार्य बाधित हुआ।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद भी जिला पंचायत सदस्य की ओर से विभिन्न अधिकारियों के समक्ष महिला अधिकारी के खिलाफ लगातार शिकायतें कराई जाती रहीं।
शिकायतों को असत्य और आधारहीन बताते हुए आरोप लगाया है कि उनका उद्देश्य उनकी छवि खराब करना, शासकीय कार्य में बाधा डालना और उन पर अनुचित दबाव बनाना है। यह भी दावा किया गया है कि अलग-अलग शिकायतों की भाषा, विषय और प्रारूप में समानता है।
पुलिस ने मामले में निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य अजय वीर यादव, कुलवंत यादव, मनोहर सिंह निवासी ग्राम डिलरा रायपुर और अक्का डिलारी गांव निवासी निवर्तमान प्रधान उस्मान अली को नामजद किया है।
प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ संबंधित दस्तावेज, शिकायत पत्र और दोनों पक्षों के बयानों को भी जांच में शामिल करेगी। आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही होगी।
