खून का धंधा! मुरादाबाद के ब्लड बैंक पर छापा, 24 घंटे की जांच के बाद SS चैरिटेबल ब्लड बैंक सील; गोरखपुर तक फैला नेटवर्क
मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक को खून की तस्करी में शामिल होने के आरोप में 24 घंटे की जांच ...और पढ़ें

मुरादाबाद के इसी ब्लड बैंक से की गई थी ब्लड की तस्करी। जागरण आर्काइव
HighLights
गोरखपुर में गिरफ्तार आरोपित संभल की ब्लड बैंक में साथ करते थे काम
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। खून की तस्करी में शामिल एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक को औषधि विभाग के अधिकारियों ने सील कर दिया है। 24 घंटे तक लगातार चली जांच के बाद टीम ने कार्रवाई की है। इसी का एक ब्लड बैंक संभल में है। अब टीम ने वहां पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गोरखपुर में गिरफ्तार दोनों आरोपित संभल के बहजोई में स्थित जीवन दान ब्लड बैंक में काम करते थे।
बीते पांच साल से ब्लड बैंक संचालक और दोनों आरोपित एक दूसरे को जानते हैं। बीते एक माह में ब्लड बैंक की तरफ से दो रक्तदान शिविर लगाए गए थे। दोनों शिविरों में 59 लोगों ने रक्तदान किया था।
अंदेशा है कि उसी ब्लड को गोरखपुर सप्लाई किया गया है। उधर पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए गोरखपुर पुलिस जल्द ही मुरादाबाद आ सकती है। गोरखपुर पुलिस मुरादाबाद के सिविल लाइंस और भोजपुर थाने की पुलिस से संपर्क बनाए हुए है।
मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते दाम पर रक्त लेकर गोरखपुर में ऊंचे दाम पर बेचने वाले मुरादाबाद के हरथला निवासी फहीम अहमद और भोजपुर के सिरसवागौड़ के जैतपुर निवासी ताज गुड्डू को गोरखपुर की रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात गिरफ्तार किया है।
कार से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी) बरामद किया। बरामद रक्त की खेप गोरखपुर के आरोग्य ब्लड बैंक में सप्लाई की जानी थी। गोरखपुर पुलिस के अनुसार यह ब्लड आशियाना फेज-1 स्थित एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से गया था।
ब्लड बैंक भोजपुर निवासी संचालक सुलेमान संचालित करता है। इसका एक ब्लड बैंक संभल के बहजोई में भी है। उसी ब्लड बैंक में गोरखपुर में गिरफ्तार आरोपित फहीम अहमद और ताज गुड्डू काम करते थे।
तभी से तीनों एक दूसरे के परिचित है। उधर गोरखपुर में हुई कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद असिस्टेंट कमिश्नर (औषधि) पूरनचंद ने मुरादाबाद व संभल की टीम संग बुधवार शाम चार बजे ही ब्लड बैंक पर छापेमारी कर दी थी।
संचालक सुलेमान को बुलाया गया। ब्लड बैंक का पूरा सिस्टम टीम ने अपने अधीन ले लिया। कंप्यूटर से लेकर मौजूद एक-एक प्रपत्र खंगाले थे। आधी रात तक टीम जांच करती रही।
इसके बाद टीम ने ब्लड बैंक को सील कर दिया। जांच के दौरान जब पता चला कि इसी का दूसरा ब्लड बैंक संभल के बहजोई में भी है तो अधिकारियों की एक टीम वहां पर पहुंच गई।
सभी दस्तावेज चेक किए गए। उधर भोजपुर और सिविल लाइंस पुलिस की टीमें स्थानीय स्तर पर दोनों का नेटवर्क खंगाल रहीं है। असिस्टेंट कमिश्नर (औषधि) पूरनचंद ने बताया कि यह गोरखपुर में तस्करी के लिए जा रहा ब्लड यही से गया है, उस बिंदु पर जांच जारी है।
जांच के दौरान ब्लड बैंक में कमियां मिली है। जिसके बाद उसे सील कर दिया है। संभल के ब्लड बैंक के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सावधान! थाली का पनीर कहीं 'साबुन' तो नहीं? मुरादाबाद में डिटर्जेंट से बन रहा था नकली पनीर, 2 पर एफआईआर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।