मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने भीषण आग, लपटों से घिरे दो गेस्ट हाउस; 21 लोगों ने भागकर बचाई जान
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने दो गेस्ट हाउस में भीषण आग लग गई, जिससे 21 लोगों ने भागकर अपनी जान ...और पढ़ें
-1791406029487_m.webp)
HighLights
मुरादाबाद में दो गेस्ट हाउस में भीषण आग लगी।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 21 लोगों ने जान बचाई।
अवैध रूप से चल रहे गेस्ट हाउसों पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन के सामने एक गेस्ट हाउस में भड़की आग कुछ मिनटों में दूसरे गेस्ट हाउस तक पहुंच गई। दोनों गेस्ट हाउस में बने करीब दस कमरों में रुके 21 लोगों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। आग लगने से आसपास के इलाके में खलबली मच गई। आसपास के तमाम होटलों में खाना रहे लोग भाग निकले।
आग की दहशत रेलवे स्टेशन तक महसूस की गई। करीब डेढ़ घंटे में दमकल की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया। गनीमत रही कि अन्य होटलों तक आग नहीं फैल पाई, नहीं तो और भी बड़ा हादसा हो सकता था।
रेलवे स्टेशन के सामने मुरादाबाद निवासी राजू का दास और श्याम मोहन का विनायक नाम से गेस्ट हाउस है। इन दोनों के गेस्ट हाउस के पहले तल पर लकड़ी के केबिन बने हुए है। जिसमें टिकट काउंटर के अलावा अन्य काम होता है। बुधवार की रात करीब 11.50 बजे शार्ट सर्किट से दास गेस्ट हाउस में आग लग गई। काउंटरों में मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भड़की की कुछ ही देर में पहली मंजिल को आग ने अपने आगोश में ले लिया।
-1791410625242.webp)
आग गेस्ट हाउस के दूसरी मंजिल तक पहुंची तो ऊपर बने करीब पांच कमरों में रुके लोगों ने आग के बीच से दौड़ लगा दी। आग से पूरे इलाके में खलबली मच गई। जब तक दमकल कर्मी पहुंचते तब तक आग विनायक गेस्ट हाउस तक पहुंच गई। दोनों गेस्ट हाउस धू-धूकर जलने लगे।
दूसरे गेस्ट हाउस में भी दूसरी मंजिल पर करीब पांच कमरे बने हुए है। सूचना पर एसपी सिटी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गई। उस रोड के वाहनों को रुकवाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक दोनों गेस्ट हाउस पूरी तरह से जल गए। बताया जाता है कि दोनों गेस्ट हाउस में जिस समय आग लगी उस दौरान करीब 21 लोग रुके हुए थे। उन्होंने भागकर जान बचाई।
हाईवे पर लग गया करीब दो किलो मीटर लंबा जाम
जिस समय दोनों गेस्ट हाउस में आग लगी उसी मुरादाबाद शहर की नो एंटी खुली थी और भारी वाहनों का आवागमन शुरू हुआ था। ऐसे में रेलवे स्टेशन के सामने से गुजरने वाले वाहनों की संख्या बहुत अधिक थी, लेकिन जब आग लगी तो पुलिस ने मार्ग के दोनों तरफ के वाहनों को रुकवा दिया।
करीब डेढ़ घंटे तक दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे रहे। ऐसे में मार्ग के दोनों करीब दो किलो मीटर लंबा जाम लग गया। जब आग पर काबू पा लिया गया और दमकल की गाड़ी रात एक बजे के बाद निकल गई तब जाकर वाहनों का आवागमन शुरू किया।
आसपास में करीब 20 होटल, सभी में खाना खा रहे थे लोग
जिस स्थान पर आग लगी उसके दोनों तरफ 20 से अधिक खाने के होटल है। उस दौरान सभी होटलों में खाना खाने वालों की भारी भीड़ थी। तमाम यात्री भी खाना खा रहे थे।
जैसे ही आग लगी तो आसपास के इलाकों में भी आग फैलने का डर सता गया। होटल संचालकों ने अपने-अपने गैस सिलिंडर बंद कर दिए। खाना खा रहे लोग भी खाने को छोड़ भाग निकले। जब तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा लिया गया तब तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

होटल से गैस सिलिंडर लेकर भागे कर्मचारी
जिस समय आग लगी थी उस दौरान हरेक होटल में खाना बन रहा था। होटल संचालकों को अंदेशा हो गया कि आग हमारे होटल भी पहुंच सकती है। तमाम होटल संचालकों ने अपने-अपने होटलों को बंद करके उसमें रखे गैस सिलिंडरों को बाहर निकलवा दिया। जब आग पर काबू नहीं पा लिया गया होटलों के कर्मचारी सिलिंडरों को लेकर रोड पर खड़े रहे।
अवैध रूप से चल रहे हैं तमाम गेस्ट हाउस
जिन दो गेस्ट हाउस में लगी है उनके पास भी अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के पास एनओसी नहीं थी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के आसपास में करीब दस गेस्ट हाउस है।
सभी गेस्ट हाउस बिना एनओसी के अवैध रूप से संचालित है। ऐसा नहीं है कि इस बात की जानकारी अग्निशमन विभाग को नहीं है, लेकिन जानकारी के बाद भी अग्निशमन विभाग इनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है।
दो छोटे गेस्ट हाउस में आग लगी है। आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।- डा. राजीव कुमार पांडेय, अग्निशमन अधिकारी
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा खेल: परिवहन अफसर का ड्राइवर ही निकला खनन माफियाओं का 'जासूस', लोकेशन बेचकर हर महीने कमा रहा लाखों
