मुरादाबाद में घास काट रही महिला पर झपटा तेंदुआ, सिर पर मारे पंजे; 4 जिलों में फैली भारी दहशत
मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में घास काट रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया, जिससे मुरादाबाद, ...और पढ़ें

तेंदुए के हमले से घायल महिला का इलाज करते चिकित्सक।
HighLights
हमला करने के बाद घटनास्थल से कुछ दूर एक घंटे तक बैठा रहा तेंदुआ
संवाद सहयोगी, कांठ (मुरादाबाद)। मुरादाबाद में वन विभाग के तेंदुए पकड़ने को चल रहे अभियान के बीच मंगलवार शाम तेंदुआ कांठ क्षेत्र के गांव भरतपुर में गन्ने के खेत में घास काट रही महिला पर झपट पड़ा। तेंदुए ने महिला के सिर पर पंजे मारकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और स्वजन ने शोर मचाया तो तेंदुआ उसे छोड़कर कुछ दूरी पर जाकर बैठ गया।
पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर तेंदुए को दौड़ाया तब करीब एक घंटे बाद वह खेतों में भाग गया। वन विभाग की टीम ने देर शाम तक आसपास के खेतों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। वहीं संभल, रामपुर और अमरोहा में भी तेंदुए दिखाई देने से लोग दहशत में हैं।
गांव भरतपुर निवासी विजयपाल की पत्नी निर्वेश देवी मंगलवार को अपनी जिठानी सर्वेश देवी, मुन्नी देवी, जेठ चिन्नू सिंह, शेर सिंह, मुहल्ले के जयप्रकाश सिंह और बसंती के साथ घास काटने गई थीं।
शाम करीब पांच बजे सभी अमर सिंह के गन्ने के खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक पीछे से निर्वेश देवी पर हमला कर दिया। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले तेंदुए ने उनके सिर पर पंजे मार दिए। घायल होकर निर्वेश खेत में गिर गईं।
चीख सुनकर पास में घास काट रहीं परिवार की महिलाओं ने शोर मचा दिया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके की ओर दौड़ पड़े। भतीजे मोनू ने बताया कि ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुए ने चाची निर्वेश देवी को छोड़ दिया।
मगर, वह घटनास्थल से कुछ दूरी पर जाकर बैठ गया। प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेशपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। वन विभाग की टीम ने आसपास के खेतों में तेंदुए की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने तक उसका कोई पता नहीं चला।
घायल निर्वेश देवी को उपचार के लिए पहले बिजनौर के हल्दुआ गांव स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वन संरक्षक आदर्श कुमार ने बताया कि तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा लगवा दिया गया है। ग्रामीणों से प्रभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और अकेले खेतों पर न जाने की अपील की है।
बाइक सवार की सूझबूझ से टला खतरा
संस, मंडी धनौरा (अमरोहा)। क्षेत्र में सोमवार रात एक बछड़े का पीछा करते हुए तेंदुआ गांव कमेलपुर की आबादी के बाहरी हिस्से तक पहुंच गया। पालनपुर निवासी कुलविंदर चौधरी ने बताया कि वह रात करीब नौ बजे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
कमेलपुर के बाहरी छोर पर अचानक उन्हें एक तेंदुआ दिखाई दिया, जो खुले में घूम रहे बछड़े के पीछे दौड़ रहा था। बाइक की रोशनी पड़ते ही उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर तेंदुआ दिशा बदलते हुए तेजी से खेतों में चला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ लगातार जंगल से निकलकर आबादी और बाजार क्षेत्र के आसपास दिखाई दे रहा है। तीन दिन पहले चुचैला कलां के मुख्य बाजार में भी रात के समय तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
तेंदुए से सामना, हिम्मत दिखाकर रोकी बाइक
संसू, गुन्नौर (संभल)। गांव गंगावास में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार रात करीब 8.30 बजे बाइक से दूध की सप्लाई करने नरौरा जा रहे कामेश व राजू का सामना बांध पर तेंदुए से हो गया।
तेंदुआ अचानक सामने दिखाई देने पर बाइक पर पीछे बैठे युवक के होश उड़ गए, जबकि चालक ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक रोक दी। इसी दौरान एक नीलगाय का बच्चा वहां पहुंच गया।
तेंदुआ नीलगाय के बच्चे के पीछे दौड़ पड़ा। मौका देखकर कामेश ने बाइक आगे बढ़ाई और नरौरा पहुंचकर राहत की सांस ली। कामेश के अनुसार, करीब 10 दिन पहले भी इसी स्थान पर तेंदुआ दिखाई दिया था।
रेंजर बृजमोहन ने बताया कि तेंदुए के लिए पिंजरा उसी स्थान पर लगाया जाता है, जहां उसकी आवाजाही सबसे अधिक होने के प्रमाण और पदचिह्न मिलते हैं। बांध के आसपास चारों तरफ पानी भरा है। शिकार करने के बाद और लोगों की आवाजाही कम होने पर तेंदुआ टीले पर बैठ जाता है।
मसवासी में ट्यूबवेल पर बैठा दिखा तेंदुआ
संसू, मसवासी (रामपुर)। जमना-जमनी गांव में मंगलवार को ट्यूबवेल के पास तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस गांव के अलावा बेलवाड़ा, चौहद्दा, रहमतगंज, करीमपुर और मानपुर उत्तरी समेत आसपास के गांवों में तेंदुए की चहलकदमी से भय बना हुआ है।
आरोप है कि वन विभाग की टीम कांबिंग के नाम पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं, डीएफओ प्रणव जैन ने शीघ्र तेंदुए को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें- CM योगी का सख्त आदेश बेअसर? मुरादाबाद की खस्ताहाल सड़कों पर मंडरा रहा हादसों का खतरा!
