जिपंस शमी उर्फ शंभू पर दोहरी मार- पहले कॉलेज पर चला था बुलडोजर, अब दुष्कर्म मामले में हुआ गिरफ्तार
जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद शमी उर्फ शंभू को सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

HighLights
जिपंस शमी उर्फ शंभू सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार।
जानलेवा हमले के मामले में जमानत पर था आरोपित।
उसके एमजेपी इंटर कॉलेज पर चला था बुलडोजर।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गाजियाबाद पुलिस टीम पर हमले के बाद चर्चा में आया जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद शमी उर्फ शंभू के खिलाफ लगातार शिकंजा कसता जा रहा है।
हाल ही में जेल से जमानत पर आए जिपंस सदस्य को भोजपुर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। बीते दिनों आरोपित के मूंढापांडे स्थित एमजेपी इंटर कालेज पर भी बुलडोजर चल चुका है।
जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद शमी उर्फ शंभू तीन माह पूर्व उस वक्त चर्चा में आया था, जब इसके भाई राशिद की तलाश में गाजियाबाद पुलिस ने दबिश दी थी। साइबर ठगी के 50 लाख रुपये राशिद के खाते में पहुंचे थे। पुलिस ने नोटिस जारी कर उससे जवाब मांगा था।
जवाब ना देने पर पुलिस ने उसे मुकदमे में वांछित किया और दबिश दी थी। तभी राशिद ने भाई शमी उर्फ शंभू व अन्य के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। मामले में गाजियाबाद पुलिस ने आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में मूंढापांडे पुलिस ने भी आरोपितों पर एक और मुकदमा दर्ज किया था।
इसके बाद मूंढापांडे पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। जैसे ही वह जमानत पर बाहर आया तो ग्राम समाज की जमीन पर एमजेपी इंटर कालेज बनाने पर प्रशासन ने बुलडोजर की कार्रवाई की थी।
युवती की शिकायत के बाद गिरफ्तारी
उधर 12 मई को सिविल लाइंस क्षेत्र की एक युवती ने भोजपुर पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया था कि जिला पंचायत सदस्य घर आता जाता था। वह खरीदारी कराने के बहाने बुधबाजार ले गया था।
इसके बाद कार में बैठाकर भोजपुर क्षेत्र स्थित अपने फार्म हाउस में ले गया था। जहां उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद सामूहिक दुष्कर्म किया था।
भोजपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी, लेकिन तभी से आरोपित फरार चल रहा था। आरोपित के खिलाफ कोर्ट से भी वारंट जारी हो चुके थे। शुक्रवार को भोजपुर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि एक आरोपित को जेल भेज दिया है। बाकी दो अज्ञात आरोपितों की तलाश की जा रही है।
