सस्ती चायपत्ती में मिला 5 गुना ज्यादा आयरन: पेट दर्द और उल्टी का खतरा, चुंबक से ऐसे करें मिलावट की पहचान
मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में चायपत्ती के दो नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। एक नमूने में ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
सात में से दो नमूनों की मिली रिपोर्ट, एक असुरक्षित तो दूसरा मानक से कम गुणवत्ता का निकला
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सस्ती चायपत्ती खरीदने के चक्कर में कहीं आप सेहत से खिलवाड़ तो नहीं कर रहे हैं। शहर में खुली चायपत्ती को छोटे-छोटे पाउच में भरकर लोकल ब्रांड के नाम से बेचने का कारोबार हो रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में चायपत्ती के दो नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे।
एक नमूने में आयरन की मात्रा निर्धारित मानक से पांच गुना से भी अधिक मिली, जबकि दूसरे में पानी की मात्रा मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। वर्ष 2025 में विभाग ने चायपत्ती के सात नमूने लिए थे, जिनमें से अभी दो की रिपोर्ट मिली है।
वहीं, शहर में थोक के सात चायपत्ती कारोबारी हैं और 30 से अधिक व्यापारी थोक में पत्ती खरीदकर छोटे पाउच बनाकर घनी आबादी वाले मुहल्लों और गांव में बेच रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने वर्ष 2025 में पाकबड़ा के समाथल आजाद नगर निवासी रामवीर के यहां से खुली चायपत्ती का नमूना लिया था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में इसे असुरक्षित बताया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, नमूने में आयरन की मात्रा 690 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम मिली, जबकि विभाग के अनुसार निर्धारित मानक 125 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम है। इस तरह आयरन की मात्रा मानक से पांच गुना से भी अधिक मिली है।
दूसरा नमूना बुद्धि विहार के खुशहालपुर निवासी विजय अग्रवाल के यहां से लिया गया था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में यह सब स्टैंडर्ड यानी निर्धारित गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरा।

जांच में पानी की मात्रा 25.96 प्रतिशत मिली। विभाग के अनुसार, निर्धारित मानक 32 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए। इस आधार पर नमूने को मानक से कम गुणवत्ता वाला बताया गया है। सात नमूनों में से बाकी पांच की रिपोर्ट आएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि चाय पत्ती का एक नमूना असुरक्षित है और दूसरा सब स्टैंडर्ड निकला है। इन दोनों दुकानदारों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर कराने की तैयारी की जा रही है।
अधिक आयरन वाली चाय पत्ती से पेट दर्द की समस्या
चायपत्ती में लोहे के बाहरी कण होने पर उत्पाद की गुणवत्ता प्रभावित होती है। अगर इन कणों में अन्य धातुओं का मिश्रण है, तो इसका असर सेहत पर पड़ेगा। जिला अस्पताल के फिजिशियन डाॅ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि अधिक मात्रा में आयरन शरीर में पहुंचने पर पेट दर्द, मतली और उल्टी जैसी समस्याएं होने की संभावना बढ़ जाती है।
