मुरादाबाद: एसएसपी दफ्तर में महिला ने छिड़का पेट्रोल, कथित पत्रकारों की ब्लैकमेलिंग और पुलिस पर लगाया यह गंभीर आरोप
मुरादाबाद में एक महिला ने एसएसपी कार्यालय पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। उसने पुलिस पर कार्रवाई न करने और कथित पत्रकारों पर ब्लैकमेलिंग का ...और पढ़ें

एसएसपी कार्यालय के बाहर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने वाली सानिया को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जागरण
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे रोक लिया। इसके बाद महिला को समझाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
महिला एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में जयन्तीपुर चौकी प्रभारी समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि मारपीट की शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उल्टे उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
महिला ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कथित रूप से नशे के कारोबार का विरोध करने पर उसे निशाना बनाया गया। साथ ही कुछ कथित यूट्यूब चैनल संचालकों और स्वयं को पत्रकार बताने वाले लोगों ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसकी छवि धूमिल की। इससे उसे मानसिक और पारिवारिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शिकायत में एक व्यक्ति पर वीडियो हटाने के नाम पर रुपये मांगने और अनुचित प्रस्ताव देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।