विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Moradabad News: लाकड़ी फाजलपुर में प्रिंसिपल की हत्या, स्कूल से 50 मीटर पहले हमलावरों ने सिर में मारी गोली

Published: Tue, 05 Nov 2024 11:58 AM (IST)

मुरादाबाद के लाकड़ी फाजलपुर में श्री साईं विद्या मंदिर के प्रिंसिपल की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्कूल ...और पढ़ें

मृतक का फाइल फोटो और घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी।
मृतक का फाइल फोटो और घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी।

HighLights

  1. पैदल स्कूल जाते समय सनसनीखेज वारदात
  2. सीसीटीवी मैं कैद हुई घटना, हत्यारोपित की तलाश में लगाई गई टीमें

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मझोला के लाकड़ी फाजलपुर में सरेराह श्री साईं विद्या मंदिर के सहायक प्रिंसिपल की बाइक सवार युवकों ने स्कूल जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के समय वह घर से पैदल ही स्कूल जा रहे थे।

हत्या की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जबकि हत्या को अंजाम देने वाले दोनों युवकों की भी पहचान हो गई। 15 फरवरी को सहायक प्रधानाचार्य के द्वारा स्कूल में पिटाई लगाए जाने के बाद 15 फरवरी को प्रिंस नाम के छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर नाराज भाइयों ने कार्रवाई न होने पर दिया वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

यह है पूरा मामला

लाकड़ी फाजलपुर में जाहिद हुसैन का परिवार रहता है। उनका बेटा शबाबुल लाकड़ी फाजलपुर में श्री साईं विद्या मंदिर में सह प्रधानाचार्य के पद पर कार्य कर रहे थे। मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे शबाबुल स्कूल के लिए घर से निकले। घर से स्कूल की दूरी करीब 300 मीटर है। इसी दौरान अचानक पीछे से आई बाइक पर सवार युवक ने शबाबुल के सिर में गोली मार दी।

गोली लगते ही वह वहीं गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की समझ में कुछ नहीं आया। फिर नीचे गिरे सबाबुल को देखा तो उस ओर लोग भागे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक वहां से फरार हो गए। गोली लगने की जानकारी पर एसएचओ मझोला मोहित चौधरी मौके पर पहुंचे। शबाबुल को लेकर अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

सनसनीखेज वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। गोली मारने का फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। गोली मारने वालों की उम्र भी अधिक नहीं थी। डीआईजी मुनिराज जी. एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ अर्पित कपूर मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने पुरानी घटना के हवाले से प्रिंस की मां कविता और उसकी भाभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई रियाजुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने शुभम राघव और आदित्य राघव के नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

प्रोफेशनल किलर के अंदाज में मारी गोली

शबाबुल के सिर में गोली बिल्कुल नजदीक से मारी गई। बाइक सवार शबाबुल के नजदीक से निकलते हैं और सिर पर बिना रुके ही सिर पर गोली मारकर चले जाते हैं। गोली सिर में लगने से महज तीन सेकंड में शबाबुल की मौत हो गई। जमीन पर गिरने के बाद वह हिल ही नहीं पाए।

घटना सीसीटीवी में कैद होने के साथ ही सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुई। जिसने भी गोली मारने का ढंग देखा उनका यही कहना था कि प्रोफेशनल किलर वाले ढंग से गोली मारी गई है। चलती बाइक पर आरोपित का हाथ भी नहीं कांपना तो दूर हिला भी नहीं और गोली बिल्कुल सटीक लगी। 

हत्या के बाद से ही सुई प्रिंस की मौत के बदले पर घूमती रही

फरवरी में कक्षा आठ के छात्र प्रिंस ने शबाबुल को किसी महिला के साथ देख लिया था। प्रिंस उसकी शिकायत किसी से न करे, इसलिए उसे डराने के लिए पिटाई कर दी थी। पिटाई के डर से प्रिंस ने स्कूल जाने को तैयार नहीं था। मां कविता के कई बार पूछने पर प्रिंस ने उसे सारी बात बताई।

इसके बाद कविता ने स्कूल जाकर शिकायत की तो शबाबुल ने दोबारा से प्रिंस की पिटाई की। दूसरी बार पिटाई किए जाने के बाद प्रिंस ने आत्महत्या कर ली थी। प्रिंस के स्वजन ने शबाबुल पर कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों को तहरीर भी दी। तमाम प्रयास के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सहायक प्रधानाचार्य शबाबुल की गोली मारकर हत्या के बाद से ही 15 फरवरी 2024 को प्रिंस की आत्महत्या की घटना ताजा हो गई। प्रिंस की मां कविता और भाई आदित्य राघव, शुभम राघव न्याय के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटते रहे।

सहायक प्रधानाचार्य शबाबुल की हत्या में पुराने प्रकरण का प्रतिशोध निकलकर सामने आ रहा है। मृतक के स्वजन की तहरीर के आधार पर दो युवकों के खिलाफ मझोला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

-कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी

हत्या के बाद लाकड़ी फाजलपुर में पसरा सन्नाटा

सुबह आठ बजे लाकड़ी फाजलपुर की सड़क खून से लाल हो गई। सरेराह हुई हत्या से लोग दहशत में आ गए। जिस समय घटना हुई उस समय दुकानदार अपनी दुकान खोल रहे थे। हत्या के बाद लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए जाने के बाद क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। दुकानदार भी अपनी दुकानें बंद करके वहां से चले गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।