शहीद एक्सप्रेस आग हादसा: S-6 कोच में जले बैग से मिली गन और पोटाश, मुरादाबाद RPF में मुकदमा दर्ज
शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने की घटना की जांच में नया खुलासा हुआ है। जले हुए बैग ...और पढ़ें

शहीद एक्सप्रेस के इसी कोच में लगी थी आग
HighLights
हरियाणा से गोरखपुर जा रहे परिवार की सीट के पास रखा था बैग, पोटाश से आग लगने की आशंका
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। लक्सर से मुरादाबाद की ओर आ रही शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने की घटना की जांच में नई बात सामने आई है। जिस बैग में आग लगी थी, उसमें पोटाश और गन मिली है। प्रारंभिक जांच में बैग में रखी पोटाश के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पोटाश में विस्फोट होने से आवाज भी हुई होगी।
मामले में मुरादाबाद आरपीएफ में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरपीएफ बैग को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी, जिससे आग लगने के वास्तविक कारणों और बैग में रखी सामग्री की पुष्टि हो सके।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के गोविंदगंज से गोरखपुर जा रहे दीपक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ट्रेन में सफर कर रहे थे। एस-6 कोच में उनकी सीट संख्या 66 और 67 आरक्षित थी। इसी सीट के पास बैग रखा हुआ था।
शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे नगीना के पास रेल फाटक के नजदीक कोच में धुआं उठने लगा। बैग में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन रोक दी।
करीब 80 यात्री कोच से नीचे उतर गए। सूचना पर रेलवे और स्थानीय पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। ट्रेन में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों और टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इस दौरान बैग जल गया और यात्रियों के सामान को भी नुकसान पहुंचा। घटना के कारण रेल संचालन करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा। बाद में ट्रेन को आगे रवाना किया गया। ट्रेन देर रात करीब 2:45 बजे मुरादाबाद जंक्शन पहुंची।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में जिस बैग में आग लगी थी, उसमें पोटाश और गन मिली है। मामले में मुरादाबाद आरपीएफ में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोच में हमारे इलेक्ट्रिक वायर चार्जिंग पॉइंट सभी ठीक मिले हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।