यूपी के हर विधानसभा क्षेत्र में 10 आंबेडकर पार्कों का कायाकल्प करेगी योगी सरकार, बनेंगे प्रेरणा केंद्र
उत्तर प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने पार्कों के कायाकल्प की योजना बनाई गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में 10 पार्कों का चयन किया जाएगा। ...और पढ़ें

प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में 10 पार्कों का होगा कायाकल्प

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने पार्कों के कायाकल्प की योजना बनाई है। हर विधानसभा क्षेत्र में 10 आंबेडकर पार्कों का चयन कर उनका व्यापक विकास और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने विधायकों से उनके क्षेत्रों के 10-10 पार्कों और गांवों की सूची मांगी है।
समाज कल्याण विभाग की इस योजना के अंतर्गत चयनित प्रत्येक पार्क पर करीब 10 लाख रुपये तक खर्च किए जाने का प्रावधान है। इस राशि से पार्कों में बैठने की बेहतर व्यवस्था, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था, हरियाली विकास, चारदीवारी सुधार और डॉ. आंबेडकर की मूर्ति का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएंगे।
10-10 गांवों की मांगी गई सूची
सरकार का उद्देश्य इन स्थलों को केवल पार्क नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित करना है। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण असीम की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजकर कहा गया है कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में स्थित आंबेडकर पार्कों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इसके साथ ही 10-10 गांवों की सूची भी मांगी गई है, ताकि क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार कार्ययोजना तैयार की जा सके। कांठ विधानसभा क्षेत्र से विधायक कमाल अख्तर ने अपने क्षेत्र के 10 गांवों की सूची समाज कल्याण विभाग को भेज दी है। इनमें मौढ़ा, अन्यारी, मुण्डाला, धारक नंगला, छज्जूपुरा दोयम, मिलक अमावती, मुख्त्यारपुर नवादा, दयानाथपुर, मिश्रीपुर, नगर पंचायत कांठ और मनोहरपुर शामिल हैं।
खबरें और भी
इन सभी स्थानों पर आंबेडकर पार्कों के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग की गई है। इसी तरह अन्य जनप्रतिनिधियों की ओर से भी अपने-अपने क्षेत्रों के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी अपने क्षेत्र से गांव सैदपुर चैंंदरी को विकास सूची में शामिल करने की अनुशंसा की है।
यह योजना केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पार्कों को स्थायी विकास मॉडल के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण, बच्चों के लिए बैठने और खेलने की सुविधा, रात्रि में प्रकाश व्यवस्था और मूर्तियों की सुरक्षा के लिए विशेष संरचनात्मक सुधार शामिल हैं।
जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के प्रस्ताव भेज रहे हैं। कार्यदायी संस्था सिडको है, कुछ विधायकों ने सीधे भी प्रस्ताव भेजे हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में दस-दस डा. आंबेडकर पार्कों का कायाकल्प होना है।
पंखुरी जैन, जिला समाज कल्याण अधिकारी