विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Politics : यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- सपा का ट्रैक रिकार्ड खराब, जिससे गठबंधन किया उसे छोड़ दिया

Published: Fri, 25 Oct 2024 10:14 PM (IST)

भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने जनपद के सपा नेताओं पर इशारों में तंज कसे। बोले कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम ...और पढ़ें

सपा ने हमेशा मुस्लिमों को ही ठगा : रामवीर सिंह
सपा ने हमेशा मुस्लिमों को ही ठगा : रामवीर सिंह

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। रामवीर सिंह का नामांकन कराने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के निशाने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रहे। शुक्रवार को नामांकन से पूर्व आंबेडकर पार्क में हुई सभा के दौरान उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान अपराध और गुंडा राज को याद दिलाते हुए भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान किया। नामांकन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

'सपा पार्टी और अखिलेश यादव हैं मौकापरस्त'

उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को स्वार्थी और मौकापरस्त बताया। बोले कि गठबंधन के मामले में सपा का ट्रैक रिकार्ड ही खराब है। वह अपने मतलब के लिए गठबंधन करते हैं और भी उसे तोड़ देते हैं। अखिलेश यादव इसमें और भी आगे हैं। उन्होंने 2017 में 2019, 2022 और 2024 में अलग-अलग दलों से गठबंधन किया और सभी को छोड़ दिया।

राहुल गांधी गठबंधन में साइकिल की पिछली सीट पर बैठे थे और अगली सीट पर आने का सपना देख रहे थे लेकिन, अखिलेश यादव ने वह सपना ही तोड़ दिया। मैं कांग्रेस के लोगों से निवेदन करूंगा कि अपना सिंबल और कार्यालय समाजवादी पार्टी को सौंप दें।

इस दौरान उन्होंने उप चुनाव में सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया। इससे पहले आंबेडकर पार्क में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार में आप सभी जानते हैं कि किस प्रकार से भेदभाव होता था।हमारी सरकार जो भी योजना लाती है, उसका लाभ बिना भेदभाव के सभी वर्गों को मिलता है।

समाजवादी पार्टी केवल अपने और एक परिवार के हितों के लिए कार्य करती है। सपा के शासन काल में अपराध चरम पर था। माफिया का बोलबाला था।प्रदेश की योगी सरकार ने कानून व्यवस्था को बेहतर बनाया है। बहन बेटियां पूरी तरह से सुरक्षित हैं। रामवीर सिंह कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में बिना किसी पद के ही कार्य करते आ रहे हैं। लोगों की सुख दुख में साथ खड़े हैं। उनके चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में विकास भी रफ्तार पकड़ेगा।

सपा ने हमेशा मुस्लिमों को ही ठगा

नामांकन कराने के बाद भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने जनपद के सपा नेताओं पर इशारों में तंज कसे। बोले कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम प्रत्याशी जीतते आए हैं, वह बताएं कि उन्हाेंने मुस्लिमों के लिए क्या किया। भाजपा के नाम पर मुस्लिमों को डराकर उनके वोट लिए। तुर्क नेताओं ने तुर्कों के वोट लेकर खूब मलाई खाई, लेकिन उनके लिए कुछ काम नहीं किया। भाजपा ने सभी वर्गों के लिए समान रूप से कार्य किया है। बिना भेदभाव सभी को राशन, आवास, बेटियाें की शादी कराई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।