विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाना रहे बिहार के DGP, माता-पिता भी सिविल सेवा में, अब IAS अनुनय झा बने मुरादाबाद के नए डीएम

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:51 AM (IST)Updated: Tue, 22 Sep 2026 12:00 PM (IST)

UP IAS Transfer: मुरादाबाद में आईएएस अफसरों के फेरबदल में राजेंद्र पैंसिया को चार माह में हटाकर अनुनय झा को ...और पढ़ें

IAS Transfer: अनुनय झा को नया डीएम बनाया गया है।

IAS Transfer: अनुनय झा को नया डीएम बनाया गया है।

HighLights

  1. राजेंद्र पैंसिया को चार माह में मुरादाबाद डीएम पद से हटाया गया

  2. अनुनय झा हरदोई से आकर मुरादाबाद के नए जिलाधिकारी बने

  3. दिव्यांशु पटेल बागपत के डीएम, हिमांशु कौशिक नए नगर आयुक्त

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। UP IAS Transfer: शासन स्तर से सोमवार रात हुए आईएएस अफसरों के फेरबदल में मुरादाबाद का नाम चौकाने वाला रहा। चार माह में ही राजेन्द्र पैंसिया को जिले से हटा दिया गया। उनके स्थान पर अब तक हरदोई जिले की कमान संभाल रहे 2015 बैच के आइएएस अफसर अनुनय झा को मुरादाबाद जिले की कमान सौंपी गई है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को बागपत का डीएम बनाया गया है। हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद का नया नगर आयुक्त बनाया गया है।

25 जून 2024 से जून 2026 तक संभल जनपद की जिम्मेदारी संभालने वाले 2015 बैच के ही आईएएस अफसर राजेन्द्र पैंसिया ने पांच मई मुरादाबाद की जिम्मेदारी संभाली थी।

मंडल मुख्यालय में उनकी तैनाती विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखी जा रही थी क्योंकि पूर्व में भी जनपद में जिम्मेदारी संभालने वाले अफसरों ने करीब-करीब दो-दो वर्षों का कार्यकाल पूरा किया।

जनता के बीच सीधे संवाद की शैली रही 

कार्यभार गृहण करने के बाद जनता के बीच पहुंचकर सीधे संवाद की शैली ने उन्हें अलग पहचान दी। जनसुनवाई उनकी प्राथमिकता में दिखी। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के विरुद्ध कार्रवाई हुई। मगर, इस बीच प्रशासनिक लाबी में नए समीकरण बने। अफसरों के बीच अंदरखाने खींचतान शुरू हुई। बेहद ही कम समय में उनका स्थानांतरण उसका परिणाम माना जा रहा है, जिसके बाद से असल वजहें तलाशी जा रहीं हैं। आईएएस के साथ आईपीएस अफसर भी विशेष रूप से उनके स्थानांतरण का कारण जानने में जुटे रहे।

एक-दूसरे के फोन घनघनाते रहे। इसी के चलते जारी सूची में मुरादाबाद सुर्खियों में आ गया। जिले की जिम्मेदारी से हटाकर पैंसिया को विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार बनाया गया है।

अनुनय झा को जिले की कमान

अनुनय झा को इनाम मिला है। महाराजगंज, हरदोई के बाद उन्हें लगातार तीसरे जनपद मुरादाबाद की कमान सौंपी गई है। अनुनय 20 मई 2025 से हरदोई जनपद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मूलरूप से बिहार के रहने वाले अनुनय झा नगर आयुक्त मथुरा और सीडीओ अलीगढ़ की भूमिका का वह निर्वाह कर चुके हैं। उनके नाना बिहार के डीजीपी भी रह चुके हैं। माता-पिता भी सिविल सेवा में हैं। सरल स्वभाव और सख्त मिजाज के अधिकारी के रूप में उनकी पहचान है। 

दिव्यांशु बने बागपत के डीएम

29 जनवरी 2024 से नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे 2017 बैच के आईएएस अफसर दिव्यांशु पटेल आखिरकार जिला पाने में कामयाब हो गए। बागपत के रूप में उन्हें पहला जिला मिला। ढाई साल से अधिक के कार्यकाल में दिव्यांशु ने शहर को नई पहचान दिलाने में भूमिका निभाई।

संविधान पार्क, वार म्यूजियम, भारतीय खेलो इंडिया पार्क, श्रीराम वाटिका, हनुमान वाटिका जैसे कार्यों को सराहना मिली। नवागत नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक 2018 बैच के आएएस अफसर हैं। शहर की सफाई व्यवस्था, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण, जलभराव, गड्डा मुक्त सड़कें, राजस्व वसूली नवागत नगर आयुक्त के लिए चुनौती होगी।

 

यह भी पढ़ें- हरदोई से मुरादाबाद भेजे गए जिलाधिकारी अनुनय झा, चार माह में ही पीतलनगरी से हटाए गए राजेन्द्र पैंसिया