UP Toll Update: मुरादाबाद से दिल्ली-लखनऊ जाना हुआ महंगा, टोल दरों में 5% तक की बढ़ोतरी
मुरादाबाद सहित यूपी के टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से नई दरें लागू हो गई हैं, जिससे सफर महंगा हो गया है। अब सभी टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस हो गए हैं, फास्ट ...और पढ़ें

मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे-509 स्थित मोहम्मद इब्राहिमपुर टोल प्लाजा। सौ. कंपनी
HighLights
पुराने पास धारकों को वैधता तक राहत, क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा शुरू
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। वित्तीय वर्ष 2025-26 की विदाई के साथ ही हाईवे पर सफर करने वालों के लिए नई शुरुआत महंगी और डिजिटल हो गई है। एक अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स की नई दरें लागू कर दी गई हैं, वहीं अब सभी टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस व्यवस्था में बदल दिए गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के निर्देशों के तहत मंगलवार आधी रात के बाद से टोल प्लाजा पर नकद भुगतान लगभग समाप्त कर दिया गया है। अब वाहन चालकों को फास्टैग के जरिए ही भुगतान करना होगा। जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं लगा है, उनके लिए टोल प्लाजा पर यूपीआइ आधारित क्यूआर कोड की सुविधा दी गई है।
हालांकि, इस नई व्यवस्था से उन चालकों को परेशानी हो सकती है, जो स्मार्टफोन या डिजिटल भुगतान का उपयोग नहीं कर पाते हैं। टोल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना फास्टैग वाले वाहन चालकों को अब पैनाल्टी की राशि भी आनलाइन ही जमा करनी होगी। यूपीआइ के माध्यम से पैनाल्टी की धनराशि दोगुणा के बजाए सवाल गुणा ही देनी होगी।
नई दरों के बीच एक राहत की खबर भी सामने आई है। 31 मार्च तक बनाए गए मासिक पास और फास्टैग आधारित पास पर नई दरों का कोई असर नहीं पड़ेगा। ये पास अपनी वैधता अवधि तक पुराने शुल्क पर ही मान्य रहेंगे। वहीं एक अप्रैल के बाद बनने वाले नए पास और रिचार्ज पर संशोधित दरें लागू होंगी।
खबरें और भी
कैशलेस सिस्टम लागू होने के बाद जहां एक ओर टोल प्लाजा पर जाम और विवाद कम होने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण और बुजुर्ग वाहन चालकों के लिए यह बदलाव परेशानी का कारण बन सकता है। कई चालकों का कहना है कि उन्हें न तो यूपीआइ का सही उपयोग आता है और न ही फास्टैग की प्रक्रिया की जानकारी है।
टोल प्रबंधन के अनुसार सभी प्लाजा पर तकनीकी तैयारी पूरी कर ली गई है और सिस्टम अपडेट कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कैशलेस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और टोल कलेक्शन में भी सुधार होगा।
एनएचएआइ के पीडी अरविंद कुमार ने बताया कि तीन हजार वाले वार्षिक पास में 75 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। सभी टोल प्लाजा एक अप्रैल से कैशलेस रहेंगे। नकद भुगतान बिल्कुल नहीं लिया जाएगा। सरकार ने पारदर्शिता लाने के लिए नई व्यवस्था की है। इसमें वाहन चालक सहयोग करें।
तीन से पांच प्रतिशत तक बढ़ा टोल
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ टोल टैक्स में औसतन तीन से पांच प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मुरादाबाद में प्रमुख टोल प्लाजा नियामतपुर इकरोटिया, बरेली का ठिरिया खेतल और मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर मोहम्मद इब्राहिमपुर पर नई दरें लागू कर दी गई हैं।
नियामतपुर इकरोटिया टोल प्लाजा पर कार का रिटर्न शुल्क 235 से बढ़ाकर 240 रुपये कर दिया गया है, जबकि मासिक पास 5255 से बढ़कर 5390 रुपये हो गया है। बस और ट्रक चालकों को अब 510 रुपये प्रति यात्रा देना होगा। ठिरिया खेतल टोल प्लाजा पर कार चालकों के लिए एकल यात्रा 170 रुपये और रिटर्न शुल्क 255 रुपये तय किया है।
यहां मासिक पास 5615 रुपये कर दिया गया है। बस और ट्रक के लिए 520 रुपये तथा भारी वाहनों के लिए 790 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे-509 स्थित मोहम्मद इब्राहिमपुर टोल प्लाजा पर भी बढ़ोतरी लागू की गई है। यहां कार चालकों को अब 75 की जगह 80 रुपये देने होंगे, जबकि रिटर्न शुल्क 120 रुपये कर दिया गया है। बस और ट्रक का शुल्क 260 से बढ़ाकर 265 रुपये किया गया है।